विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिम्स जमीन घोटाला: एसीबी खंगाल रही अफसरों और बिल्डरों के बैंकिंग लेन-देन और संपत्ति, जेल भेजे गए 7 अधिकारी

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:47 AM (IST)

रिम्स जमीन घोटाला मामले में एसीबी ने जेल भेजे गए 7 अधिकारियों, एक बिल्डर और पांच दलालों के बैंकिंग लेन-देन व चल-अचल संपत्ति की जांच तेज कर दी है। डिजिटल साक्ष्य और निवेश के दस्तावेजों से भ्रष्टाचार की जड़ तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

आरोपित अधिकारियों की अर्जित चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज को भी खंगाला जा रहा।

आरोपित अधिकारियों की अर्जित चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज को भी खंगाला जा रहा।

HighLights

  1. एसीबी ने 7 अधिकारी, 1 बिल्डर, 5 दलाल जेल भेजे।

  2. आरोपितों के बैंकिंग लेन-देन, संपत्ति की जांच जारी।

  3. फर्जी दाखिल-खारिज, जमीन खरीद-बिक्री का खुलासा।

राज्य ब्यूरो, रांची। रिम्स जमीन घोटाला केस की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अब तक सात अधिकारियों व एक बिल्डर सहित पांच दलालों, जालसाजों को जेल भेज दिया है। एसीबी ने आरोपितों की चल-अचल संपत्ति को खंगालना भी शुरू कर दी है।

डिजिटल साक्ष्य, निवेश के दस्तावेज से भ्रष्टाचार की जड़ तक पहुंचने की कोशिश जारी है। एसीबी ने सभी आरोपितों के पैन कार्ड व बैंक खातों का डिटेल्स लिया है। आरोपितों के ठिकाने पर पिछले दिनों हुई छापेमारी में बरामद डिजिटल साक्ष्य व कागजी दस्तावेज की भी छानबीन चल रही है। एसीबी यह भी पता लगा रही है कि रांची में पदस्थापन के दौरान अधिकारियों ने कितनी चल-अचल संपत्ति अर्जित की है।

एसीबी यह भी पता लगा रही है कि फर्जी कागजात पर रिम्स की जमीन की खरीद-बिक्री में सहयोग के बदले कहां से कितनी राशि आई। इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इस केस में गिरफ्तार तत्कालीन भूमि सुधार उप समाहर्ता मनोज कुमार रंजन की भूमिका भी सामने आई है, जिसमें उन्होंने अस्वीकृत दाखिल खारिज को स्वीकृत कराई और उसके आधार पर दाखिल खारिज हुआ।

जांच में पता चला कि मुन्नी कुमारी व सुमित्रा कुमारी बड़ाईक का दाखिल खारिज आवेदन अंचल स्तर से खारिज हो गया था। इसके बावजूद एलआरडीसी कार्यालय ने इसकी मंजूरी दे दी थी। बाद में इस जमीन पर रांची नगर निगम ने नक्शा भी पास कर दिया था।

एसीबी जांच में यह भी हुआ खुलासा

एसीबी की जांच में यह खुलासा हुआ है कि एक आरोपित प्रमोद कुमार महतो ने 11 अक्टूबर 2017 को सोनमाईत देवी से 17.35 डिसमिल जमीन का जनरल पावर आफ अटार्नी लेकर पटना की कामिनी रंजन को 45.72 लाख रुपये में बेच दिया था।

कब्जा नहीं मिलने व चेक बाउंस होने पर कामिनी ने पटना के सीजीएम कोर्ट में परिवाद दायर किया था। एक अन्य आरोपित राजेश कुमार झा ने 2019 में पत्नी मुन्नी कुमारी के नाम पर रिम्स की 11 डिसमिल जमीन ली और उसके बाद फर्जीवाड़ा कर उक्त जमीन की खरीद-बिक्री भी कर दी थी। एसीबी सभी बिंदुओं की छानबीन कर रही है।

रिम्स जमीन घोटाले के आरोपित एसडीओ की जमानत पर मांगी केस डायरी

एसीबी के विशेष न्यायाधीश ओंकार नाथ चौधरी की अदालत में रिम्स की अधिग्रहीत जमीन को फर्जी दस्तावेज के सहारे निजी संपत्ति बताकर कब्जा करने के मामले में गिरफ्तार बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई हुई।

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने बहस करते हुए अधिवक्ता ने कहा कि जिस वह इस मामले में निर्दोष हैं। गलत तरीके से गिरफ्तारी हुई है। सुनवाई के दौरान अदालत ने एसीबी से मामले की केस डायरी तलब की है।

जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए अगली तिथि पांच दिसंबर निर्धारित की है। बता दें कि रिम्स जमीन फर्जीवाड़ा मामले में एसीबी ने 19 नवंबर को मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। तब से जेल में हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।