RIMS गवर्निंग बॉडी की बैठक आज: रिक्त पदों पर भर्ती पर फैसला संभव, रांची को मिलेगा नए स्वास्थ्य सुधारों का तोहफा
RIMS Governing Body Meeting: रिम्स शासी परिषद की बहुप्रतीक्षित बैठक 21 जुलाई को होगी, जिसमें चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने ...और पढ़ें

रिम्स शासी परिषद की बैठक 21 जुलाई को, दो दर्जन अहम एजेंडों पर होगा मंथन।
HighLights
रिम्स शासी परिषद की बैठक 21 जुलाई को निर्धारित।
चिकित्सा सेवा, विकास कार्यों पर दो दर्जन एजेंडे।
एमबीबीएस सीटें बढ़ाने, स्टाफ नियुक्ति पर चर्चा।
जागरण संवाददाता, रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की बहुप्रतीक्षित शासी परिषद (गवर्निंग बाडी) की बैठक मंगलवार को होगी। रिम्स के नए प्रभारी निदेशक डाॅ. डीके सिन्हा के बनने के बाद यह पहली बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता शासी परिषद के अध्यक्ष सह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी करेंगे।
इस बार बैठक में लगभग दो दर्जन से अधिक एजेंडों पर चर्चा और निर्णय की संभावना है। इनमें अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने, विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधार, मानव संसाधन, वित्तीय मामलों तथा मरीजों की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।
यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि 12 जून को प्रस्तावित शासी परिषद की बैठक नहीं हो सकी थी। उस समय तैयार किए गए अधिकांश एजेंडे अब भी लंबित हैं और उन्हें इस बैठक में रखा जाएगा। रिम्स प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों से एजेंडा तैयार कर परिषद के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
रिम्स राज्य का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल और मेडिकल कालेज है। यहां प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में शासी परिषद की बैठक से मरीजों और चिकित्सकों दोनों को कई महत्वपूर्ण निर्णयों की उम्मीद है।
इन महत्वपूर्ण एजेंडों पर हो सकती है चर्चा
- रिम्स में एमबीबीएस सीटें 180 से बढ़ाकर 250 किए जाने के बाद आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था।
- एनएमसी मानकों के अनुरूप फैकल्टी और अन्य मानव संसाधनों की नियुक्ति।
- विभिन्न विभागों में चिकित्सकों एवं कर्मियों के लंबित पदों को भरने की प्रक्रिया।
- नए ओपीडी भवन और पुनर्विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा।
- अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद और स्थापना।
- मरीजों के लिए दवा, जांच और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रस्ताव।
- वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियों से जुड़े विषय।
- अस्पताल की साफ-सफाई, सुरक्षा, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन तथा अन्य संचालन संबंधी मुद्दे।
- विभिन्न समितियों के गठन एवं प्रशासनिक निर्णयों की पुष्टि।
- लंबित निर्माण कार्यों और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा।
- आश्रयगृह में अधिक पैसा लेने का मामला।
बैठक से पहले बढ़ा सियासी तापमान
शासी परिषद की बैठक को लेकर सदस्य और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने बैठक की सूचना जारी करने की प्रक्रिया पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि उन्हें पर्याप्त पूर्व सूचना नहीं दी गई।
जबकि 21 जुलाई को दिल्ली में पहले से सरकारी कार्यक्रम निर्धारित हैं। ऐसे में बैठक में शामिल होना कठिन हो सकता है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री एवं जीबी अध्यक्ष डा. इरफान अंसारी ने कहा कि वे शासी परिषद का अध्यक्ष हैं।
अध्यक्ष के नाते बैठक बुलाने और उसका संचालन करने का उन्हें अधिकार है। बैठक की सूचना जारी कर दी गई है। अब यह संबंधित सदस्य की इच्छा है कि वे बैठक में शामिल होते हैं या नहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।