चार हजार पदों पर बहाली प्रक्रिया शुरू, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने भेजी अधियाचना
झारखंड के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। झारखंड सरकार चार हजार पदों पर बहाली करने जा रही है। इसका लाभ झारखंड के युवाओं को मिलेगा। कार्मिक विभाग से मंगलवार को संशोधित नियमावली के तहत रिपोर्ट भेजी गई है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में लगभग चार हजार पदों पर नियुक्ति के लिए कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए कार्मिक विभाग ने कर्मचारी चयन आयोग को अधियाचना भेज दी है। यह अधियाचना नियमावली में संशोधन और हाल में किए गए बदलावों के साथ भेजी गई है। ज्ञात हो कि पहले तो नियमावली में संशोधन और फिर महिला आरक्षण की गिनती के तरीके में बदलाव को लेकर पूर्व की अधियाचनाओं को संशोधित किया गया था।
नियमावली में किया जा चुका संशोधन
झारखंड सरकार ने हाल में ही यह बदलाव किया है कि तृतीय और चतुर्थ वर्ग की सरकारी नौकरी उन्हीं लोगों को मिलेगी, जो झारखंड से मैट्रिक और इंटर पास किए हों। कर्मचारी चयन आयोग के तहत मैट्रिक और इंटर स्तरीय तमाम परीक्षाओं के लिए परीक्षा संचालन नियमावली में संशोधन किया जा चुका है, जिसके बाद अधियाचना भेजी गई है। राज्य सरकार अब बहाली से संबंधित प्रक्रिया शुरू करेगी।
किस विभाग के कितने पद
- उद्योग विभाग : 507
- उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग (अ.नि.) : 48
- सहायक प्रशाखा पदाधिकारी : 384
- कनीय सचिवालय सहायक : 322
- नगर विकास विभाग : 1688
- कल्याण विभाग : 104
- गृह विभाग (वैज्ञानिक सहायक) : 63
- परिवहन विभाग : 109
- प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी : 245
स्नातक योग्यताधारी संयुक्त परीक्षा में शामिल होने के लिए 100 रुपये शुल्क
उधर, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित होनेवाली झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त परीक्षा में शामिल होने के लिए 100 रुपये ही परीक्षा शुल्क देना होगा। अनारक्षित श्रेणी, आर्थिक रूप से कमजोर, पिछड़ा वर्ग तथा अत्यंत पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों का परीक्षा शुल्क एक हजार रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दिया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क महज 50 रुपये होगा। पूर्व में इस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये परीक्षा शुल्क तय किया गया था। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने परीक्षा शुल्क में विचार के बाद शुक्रवार को इसमें संशोधन किया। आयोग ने इस संबंध में सूचना जारी कर दी है। बता दें कि इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न विभागों में कुल 956 पदों पर नियुक्ति होगी। इसमें शामिल होने के लिए अगले साल 15 जनवरी से 14 फरवरी मध्य रात्रि तक आनलाइन फार्म भरे जाएंगे।