100 Days of Lockdown: झारखंड में कोरोना से रिकवरी रेट 75%, मृत्यु दर राष्ट्रीय से आधी
Jharkhand Coronavirus Cases News Update. लॉकडाउन और अनलॉक के बीच देश में भले कोरोना की लहर बड़ी हो गई हो लेकिन झारखंड में यह काबू में आती दिख रही है।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Coronavirus Cases News Update वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए झारखंड समेत पूरा देश 23 मार्च को लॉकडाउन किया गया था। आज सौ दिन हो गए महामारी से लड़ते हुए। लॉकडाउन और अनलॉक के बीच देश में भले कोरोना की लहर बड़ी हो गई हो, लेकिन झारखंड में यह काबू में आती दिख रही है।
यहां रिकवरी रेट 75 फीसद से अधिक है। 2490 कुल संक्रमितों में 1849 लोग स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। वहीं, मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत 3.68 के मुकाबले आधी (1.78) है। 16 जिलों में एक भी पीडि़त की मौत नहीं हुई है तो सात जिलों का रिकवरी रेट 90 फीसद से अधिक है।
सिमडेगा में 97 फीसद स्वस्थ
सिमडेगा सबसे बेहतर रिकवरी रेट (97 फीसद) वाला जिला है। यहां कुल 353 लोग संक्रमित हुए थे, इनमें से 343 स्वस्थ हो चुके हैं। रामगढ़, गढ़वा, लातेहार, पलामू, खूंटी और पाकुड़ भी ऐसे जिले हैं जहां स्वस्थ होने की दर 90 फीसद से अधिक है। वहीं, पूर्वी सिंहभूम रिकवरी रेट में सबसे पिछड़ा हुआ है। यहां सर्वाधिक 44.64 फीसद सक्रिय मरीज हैं।
16 जिलों में नहीं हुई एक भी मौत
झारखंड के कुल 24 जिलों में आठ ही ऐसे हैं जहां कोरोना पीडि़त की मौत हुई है। इनमें रांची, हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो, सिमडेगा, कोडरमा, गुमला और साहिबगंज शामिल है। अन्य 16 जिलों में लॉकडाउन के सौ दिनों में कोई मौत नहीं हुई है। जिन 15 लोगों की मौत हुई उनमें एक को छोड़ कर सभी 50 से अधिक उम्र के थे, साथ ही उन्हें कोई न कोई दूसरी गंभीर बीमारी थी।
जिला : मौत
रांची : 4
हजारीबाग : 3
गिरिडीह : 2
बोकारो : 2
साहिबगंज : 1
सिमडेगा : 1
कोडरमा : 1
गुमला : 1