विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रावणी मेले के लिए रांची से सुल्तानगंज को मिलीं दो विशेष ट्रेनें, झारखंड में कांवरियों को बड़ी राहत

Published: Thu, 16 Jul 2026 11:30 PM (IST)

रेलवे ने कांवरियों की सुविधा के लिए रांची से सुल्तानगंज के लिए दो जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी ...और पढ़ें

26 जुलाई से 12 सितंबर तक राजाबेड़ा और बरकाकाना मार्ग से चलेगी चार विशेष ट्रेनें।

26 जुलाई से 12 सितंबर तक राजाबेड़ा और बरकाकाना मार्ग से चलेगी चार विशेष ट्रेनें।

HighLights

  1. रांची से सुल्तानगंज के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें मंजूर।

  2. कांवरियों की सुविधा हेतु 26 जुलाई से 12 सितंबर तक चलेंगी।

  3. राजाबेड़ा और बरकाकाना मार्गों से मिलेगी यात्रा सुविधा।

जागरण संवाददाता, रांची। श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों की सुविधा को लेकर लगातार उठ रही मांग पर आखिरकार रेलवे ने संज्ञान लिया है। रांची और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सुल्तानगंज जाने की आवश्यकता को देखते हुए रेल मंत्रालय ने रांची रेल मंडल से दो जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी दे दी है।

इन विशेष ट्रेनों के चलने से अब सावन के दौरान श्रद्धालुओं को सुल्तानगंज पहुंचने के लिए ट्रेन बदलने की परेशानी काफी हद तक दूर होगी। दैनिक जागरण ने प्रमुखता से यह मुद्दा उठाया था कि रांची से सुल्तानगंज के लिए प्रतिदिन सीधी रेल सेवा नहीं होने से कांवरियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सप्ताह में केवल तीन दिन चलने वाली रांची-गोड़्डा एक्सप्रेस यात्रियों की जरूरत पूरी नहीं कर पा रही थी। इसके बाद श्रद्धालुओं, विभिन्न रेल यात्री संगठनों तथा रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी श्रावणी मेला के दौरान विशेष ट्रेनों के परिचालन की मांग उठाई थी। अब रेलवे के इस निर्णय से हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

कांवरियों की सुविधा को मिली प्राथमिकता

30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास में झारखंड सहित देशभर से लाखों श्रद्धालु पहले सुल्तानगंज पहुंचेंगे और वहां से गंगाजल लेकर लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे।

रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा और आसपास के जिलों से भी हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होते हैं। विशेष ट्रेनों के परिचालन से अब उन्हें पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

पहली जोड़ी : राजाबेड़ा मार्ग से चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 08690 रांची-भागलपुर (वाया राजाबेड़ा) द्वि-साप्ताहिक श्रावणी मेला स्पेशल 26 जुलाई से 9 सितंबर तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन रांची से शाम 5:40 बजे खुलेगी तथा मुरी, बोकारो स्टील सिटी, हजारीबाग रोड, कोडरमा, नवादा, किऊल और सुल्तानगंज होते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 08689 भागलपुर-रांची स्पेशल 27 जुलाई से 10 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन भागलपुर से शाम 7:10 बजे प्रस्थान कर सुल्तानगंज, किऊल, नवादा, कोडरमा, हजारीबाग रोड, बोकारो स्टील सिटी और मुरी होते हुए रात 10:20 बजे रांची पहुंचेगी।

इस ट्रेन में 16 कोच होंगे, जिनमें दो एसएलआरडी, छह सामान्य, सात स्लीपर तथा एक तृतीय वातानुकूलित कोच शामिल रहेगा।

दूसरी जोड़ी : बरकाकाना मार्ग से भी मिलेगी सुविधा

ट्रेन संख्या 08646 रांची-भागलपुर (वाया बरकाकाना) श्रावणी मेला स्पेशल 27 जुलाई से 11 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन शाम 5:30 बजे रांची से रवाना होकर बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, किऊल और सुल्तानगंज होते हुए सुबह 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 08645 भागलपुर-रांची स्पेशल 28 जुलाई से 12 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन भागलपुर से सुबह 9:10 बजे खुलकर सुल्तानगंज, किऊल, कोडरमा, हजारीबाग टाउन और बरकाकाना होते हुए रात 9:40 बजे रांची पहुंचेगी। इस ट्रेन में 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें दो एसएलआरडी, चार सामान्य, 13 स्लीपर तथा एक तृतीय वातानुकूलित कोच रहेगा।

नियमित ट्रेन की मांग अभी भी बरकरार

रेलवे के इस निर्णय का श्रद्धालुओं और रेल यात्री संगठनों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान विशेष ट्रेनों से निश्चित रूप से राहत मिलेगी, लेकिन रांची से सुल्तानगंज के लिए वर्षभर नियमित दैनिक रेल सेवा की आवश्यकता अब भी बनी हुई है।

उनका मानना है कि इस मार्ग पर स्थायी दैनिक ट्रेन शुरू करने पर भी रेलवे को गंभीरता से विचार करना चाहिए। श्रावणी मेले के दौरान शुरू हो रही इन दो जोड़ी विशेष ट्रेनों से रांची रेल मंडल के हजारों कांवरियों को सीधा लाभ मिलेगा और सुल्तानगंज तक उनकी यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।