विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिरमटोली-कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण में देरी: विवादों के साये में नया लक्ष्य, मार्च 2027 तक खिंचने के आसार

Published: Thu, 10 Sep 2026 01:15 PM (GMT+05:30)

रांची में 224.94 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सिरमटोली-कांटाटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर का निर्माण अब मार्च 2027 तक खिंचने की आशंका है। भूमि अधिग्रहण, बारिश और अन्य विवादों के कारण परियोजना की रफ्तार धीमी हुई है, जिससे समयसीमा पर सवाल उठ रहे हैं।

बारिश से काम प्रभावित, बहूबाजार से सिरमटोली सरना स्थल तक अब तक शुरू नहीं हुई पाइलिंग।

बारिश से काम प्रभावित, बहूबाजार से सिरमटोली सरना स्थल तक अब तक शुरू नहीं हुई पाइलिंग।

HighLights

  1. सिरमटोली फ्लाईओवर का निर्माण मार्च 2027 तक टलने की आशंका।

  2. भूमि अधिग्रहण, बारिश और विवादों से काम की गति धीमी।

  3. सिरमटोली सरना स्थल पर पिलर की जगह स्टील गार्डर लगेगा।

आदिल हसन, रांची। राजधानी के बहुप्रतीक्षित सिरमटोली-कांटाटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण की रफ्तार ने इसकी समयसीमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 224.94 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस फ्लाईओवर को पहले जुलाई 2026 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन शुरुआत में भूमि अधिग्रहण में देरी के कारण काम प्रभावित हुआ और तय समय पर परियोजना पूरी नहीं हो सकी।

अब जनवरी 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए इसके मार्च 2027 तक खिंचने की आशंका है। बारिश के कारण पिछले कुछ समय से निर्माण कार्य की गति और प्रभावित हुई है।

स्थिति यह है कि बहूबाजार से सिरमटोली सरना स्थल तक फ्लाईओवर के हिस्से में पाइलिंग का काम अब तक शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में शेष निर्माण कार्य को दिसंबर-जनवरी तक पूरा करना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।

शुरुआत में भूमि अधिग्रहण बनी सबसे बड़ी बाधा

कनेक्टिंग फ्लाईओवर परियोजना को जुलाई 2026 तक पूरा करने की योजना थी। हालांकि, परियोजना के शुरुआती दौर में भूमि अधिग्रहण में देरी के कारण निर्माण कार्य समय पर गति नहीं पकड़ सका। इसके अलावा सेना के कुछ क्वार्टर और सिरमटोली सरना स्थल से जुड़ी समस्याओं के कारण भी काम प्रभावित हुआ।

विभाग की ओर से इन बाधाओं को दूर करने का दावा किया गया है। इसके बाद निर्माण में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन बारिश और कुछ नए विवादों के कारण परियोजना की प्रगति फिर प्रभावित हो रही है।

होटल संचालक की शिकायत से नई अड़चन

परियोजना के रास्ते में पटेल चौक के पास एक होटल संचालक ने प्रस्तावित पिलर को लेकर आपत्ति जताई है। होटल संचालक ने पिलर के सामने आने की शिकायत रांची के उपायुक्त और मुख्यमंत्री से की है। शिकायत के बाद इस मामले का समाधान होना भी जरूरी है। यदि पिलर के स्थान को लेकर कोई बदलाव या तकनीकी समाधान करना पड़ा तो इसका असर निर्माण की समयसीमा पर पड़ सकता है।

सरना स्थल के ऊपर पिलर की जगह लगेगा स्टील गार्डर

सिरमटोली सरना स्थल को सुरक्षित रखने के लिए फ्लाईओवर के डिजाइन में बदलाव किया गया है। पहले यहां पिलर प्रस्तावित था, लेकिन धार्मिक स्थल को देखते हुए अब 55 मीटर लंबे कंपोजिट स्टील गार्डर का इस्तेमाल किया जाएगा।

यह गार्डर दोनों ओर बने पिलरों पर टिकेगा। डिजाइन में बदलाव को लेकर आइआइटी मुंबई के विशेषज्ञों से तकनीकी सलाह ली गई थी। विशेषज्ञों के स्थल निरीक्षण और अनुशंसा के बाद संशोधित डिजाइन तैयार किया गया।

132.50 मीटर का कनेक्टिंग फ्लाईओवर जोड़ेगा दोनों फ्लाईओवर

सिरमटोली-कांटाटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर की लंबाई 132.50 मीटर है। यह कांटाटोली और सिरमटोली फ्लाईओवर को आपस में जोड़ेगा। इसके चालू होने के बाद कोकर, लालपुर और कांटाटोली की ओर से आने वाले वाहनों को बहूबाजार, सुजाता चौक और सिरमटोली चौक के भीड़भाड़ वाले हिस्से से गुजरने की जरूरत कम होगी। वाहन सीधे मेकान, डोरंडा और एयरपोर्ट की ओर जा सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।