झारखंड में ठंड की दस्तक: सुबह छाया रहेगा कोहरा, दिन में मौसम साफ रहने का अनुमान
राजधानी रांची में अगले पांच दिनों तक मौसम स्थिर रहने का अनुमान है, जिसमें सुबह कोहरा या कुहासा छाया रहेगा और दिन में आसमान साफ हो जाएगा।

झारखंड का मौसम। एआई जनरेटेड फोटो
HighLights
रांची में अगले पांच दिनों तक मौसम स्थिर रहेगा।
सुबह कोहरा या कुहासा, दिन में आसमान साफ रहेगा।
अधिकतम तापमान 29, न्यूनतम 19-20 डिग्री सेल्सियस।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में मौसम का मिजाज अगले पांच दिनों तक लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 16 अक्टूबर तक सुबह के समय कोहरा या कुहासा छाया रह सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की संभावना है।
मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
वहीं, सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह कोहरा या कुहासा छाया रहा है। दिनभर आंशिक रूप से बादल छाया रहा।
बुधवार को भी सुबह कुहासा रहने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ हो सकता है। 14, 15 और 16 अक्टूबर को भी सुबह कोहरे के बाद दिन में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
29 डिग्री रहेगा अधिकतम तापमान
रांची में 13 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 14 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंच सकता है।
वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान फिर 19 डिग्री रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान में पांच दिनों के दौरान किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
कुछ जिलों में हल्की बारिश के आसार
बिहार के उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार तथा मध्य झारखंड के हजारीबाग क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन होने की संभावना है। वहीं, पाकुड़ और बरहड़वा क्षेत्र के मौसम पूर्वानुमान में भी सुबह कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
