विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jharkhand Weather Update: झारखंड में गर्मी से मिलेगी राहत, 28 अप्रैल से गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

Published: Sun, 26 Apr 2026 07:43 AM (IST)

रांची समेत पूरे झारखंड में बढ़ती गर्मी के बीच, मौसम विभाग ने 28 से 30 अप्रैल तक राहत भरी बारिश ...और पढ़ें

झारखंड में बारिश का अलर्ट। फाइल फोटो

झारखंड में बारिश का अलर्ट। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रांची। एक ओर जहां राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में तपिश लगातार बढ़ती ही जा रही है तो दूसरी ओर मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी Jharkhand Weather Forecast में बताया गया कि 28, 29 और 30 अप्रैल तक आसमान से राहत भरी वर्षा होने की संभावना है।

हालांकि, 26 और 27 अप्रैल को अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शनिवार को भी शाम के बाद तेज हवा बहने के कारण गर्मी से आमजनों को थोड़ी राहत मिली।

26 अप्रैल को राजधानी व आसपास के जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज, निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा और धनबाद के साथ साथ दक्षिणी हिस्से पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के कुछेक हिस्सों में बूंदाबांदी होने की संभावना है।

साथ ही, इन जिलों में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 27 अप्रैल को उत्तर पूर्वी और निकटवर्ती मध्य हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने, मेघगर्जन के साथ साथ ओलावृष्टि और बिजली गिरने को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं।

इन जिलों में यह स्थिति एक मई तक बनी रहेगी। लिहाजा, तपती गर्मी से आमजनों को राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आमजनों से बिजली गिरने को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

साथ ही, लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की अपील की गई है। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।

शनिवार को ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस गुमला का रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में अगले दो दिनों 26 और 27 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

इसके बाद 28, 29 और 30 अप्रैल को तापमान में 2 से 3 डिगी सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। आंशिक बादल छाने और कहीं कहीं वर्षापात होने से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

ऐसा रहेगा राजधानी का मौसम

26 अप्रैल : अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 24 डिग्री
27 अप्रैल : अधिकतम 38 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 25 डिग्री
28 अप्रैल : अधिकतम 38 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 23 डिग्री
29 अप्रैल : अधिकतम 37 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 22 डिग्री

यह भी पढ़ें- Jharkhand Weather Update: सीजन का सबसे गर्म दिन रहा शनिवार, पलामू में 44.6 डिग्री तक पहुंचा तापमान

यह भी पढ़ें- बंगाल में अकेली पड़ी कांग्रेस: ममता के साथ खड़े हुए सोरेन और तेजस्वी; आज केजरीवाल करेंगे प्रचार