विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ranchi Violence News: रांची हिंसा पर राजनीति तेज, दंगाइयों पर कार्रवाई का दबाव, कांग्रेस में अकेले पड़े इरफान

By Alok ShahiEdited By:
Published: Sun, 12 Jun 2022 08:29 PM (IST)Updated: Sun, 12 Jun 2022 08:31 PM (IST)

Ranchi Violence News झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने राज्य सरकार पर सीधे आरोप ...और पढ़ें

Ranchi Violence News: रघुवर दास ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार रांची हिंसा की लीपापोती में लगी है।
Ranchi Violence News: रघुवर दास ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार रांची हिंसा की लीपापोती में लगी है।

रांची, राज्य ब्यूरो। Ranchi Violence News राजधानी में शुक्रवार को उपद्रव की आड़ में राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस ने जामताड़ा के विधायक डा. इरफान अंसारी के उस बयान से किनारा कर लिया है जिसमें उन्होंने पुलिस को निशाने पर लिया था। इरफान ने रांची के सिटी एसपी की आलोचना की थी। इसपर वे अकेले पड़ गए हैं। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की कार्रवाई पर विरोध जतानेवाले विधायक इरफान अंसारी के बयान से कांग्रेस के नेता सहमत नहीं हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पुलिस की कार्रवाई को न्यायसंगत बताया है। इसके अलावा कांग्रेस के अन्य वरीय नेता भी राज्य सरकार द्वारा गठित किए गए जांच दल से संतुष्ट हैं। जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर ही कांग्रेस अब आगे की कोई रणनीति तैयार करेगी। फिलहाल पार्टी ने इस मुद्दे पर नेताओं को संयम बरतने की नसीहत भी दी है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कानून अपना काम करेगा।

उधर रांची में उपद्रव की घटना को लेकर मुख्य विपक्षी दल भाजपा लगातार राज्य सरकार पर हमलावर है। भाजपा नेताओं ने उपद्रवियों की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर दबाव बनाने के साथ ही सवाल उठाया है कि आखिर किस बात को लेकर राज्य सरकार इतनी बेबस है। भाजपा ने हिंदपीढ़ी में मंदिर पर हुए हमले को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने राज्य सरकार पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि हेमंत सरकार लीपापोती में लगी है। घटना के 36 घंटे बीत जाने के बावजूद कोई गिरफ्तारी नहीं होना हेमंत सरकार की बेबसी को दर्शाता है। तंज कसते हुए कहा कि आखिर किस बात को लेकर इतनी बेबसी है हेमंत सरकार। रघुवर ने कहा कि रांची की घटना तुष्टिकरण, वोट बैंक की राजनीति का नतीजा है।

रघुवर दास ने कहा, असामाजिक तत्वों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। हेमंत सरकार उनके सामने बेबस है। बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के ऊपर जानलेवा हमला हुआ, लेकिन राज्य सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने से बच रही है। भाजपा नेता भैरव सिंह के घर पर सुनियोजित हमला किया गया। लिखित शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

उन्‍होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के आने के बाद से पोपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया, पीएफआइ की गतिविधियां राज्य में बढ़ गई है। हमारी सरकार ने पीएफआइ पर बैन लगाकर कड़ी कार्रवाई की थी। गृहमंत्रालय के द्वारा चेतावनी दिए जाने के बावजूद राज्य सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने रांची के हिंदपीढ़ी में मंदिर पर हुए हमला के मामले में सरकार को घेरा है। बाबूलाल ने अपने ट्वीट में कहा कि रांची के संवेदनशील हिंदपीढ़ी थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर मंदिर पर अहले सुबह दंगाइयों ने पेट्रोल बम से हमला किया। कर्फ्यूग्रस्त क्षेत्र में बाइक पर तीन-तीन लोग पेट्रोल बम से हमला करके आसानी से निकल जाते हैं। पुलिस प्रशासन की अकर्मण्यता और तुष्टीकरण का और क्या प्रमाण चाहिए।

बाबूलाल ने कहा, रांची का डेली मार्केट क्षेत्र हमेशा से असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों के लिए से सेफ जोन रहा है। विगत कई मामलों में उपद्रव की शुरुआत यहीं से हुई। निगम की पार्किंग और थाने के ठीक सामने सैकड़ों अनधिकृत दुकानें सजती हैं। खबर तो ये भी है कि हर दुकान से तय राशि थाने में पहुंचाई जाती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि भविष्य में शुक्रवार जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए इस क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्त कराईए। साथ ही उर्दू लाइब्रेरी, एकरा मस्जिद व संकट मोचन मंदिर के पास स्थायी पुलिस पिकेट बनाया जाए।

सीपी सिंह बोले, दंगाइयों का इलाज बुलडोजर माडल

भाजपा के वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह ने दंगाईयों का इलाज बुलडोजर माडल को बताया है। सीपी सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा है कि इन दंगाईयों का इलाज बुलडोजर माडल से ही संभव है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सलाह देते हुए कहा कि आप भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीख लें और अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए इनके घरों पर बुलडोजर चलाएं, इनकी संपत्ति की कुर्की जब्ती कर नुकसान की भरपाई करें।

साथ ही दंगाईयाें के राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड निरस्त कर इन्हें सरकारी सुविधाओं से वंचित करें। फिर देखते हैं कि पत्थर उठाने की हिम्मत कौन करता है। सीपी सिंह ने अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री पर तंज भी कसते हुए कहा कि लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी, इन सबके लिए पुरुषार्थ की जरुरत पड़ेगी और समुदाय विशेष का तुष्टीकरण त्यागना पड़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।