यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ranchi Violence: रांची हिंसा के आरोपित की जमानत पर सुनवाई आज
Ranchi Violence रांची के मेन रोड में दस जून को हुई हिंसा आगजनी और उपद्रव मामले में आरोपित की ओर ...और पढ़ें

रांची, राज्य ब्यूरो। Ranchi Violence झारखंड की राजधानी रांची के मेन रोड में दस जून को हुई हिंसा, आगजनी और उपद्रव मामले में जेल में बंद आरोपित आरिफ की ओर से जमानत याचिका दाखिल की गई है। याचिका पर सुनवाई के लिए 22 जून की तिथि निर्धारित की गई है। जमानत याचिका पर सीजेएम मिथिलेश कुमार सिंह की अदालत में सुनवाई होगी। आरोपित के खिलाफ डोरंडा थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज है। इस मामले में 10 नामजद एवं 27 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है।
मध्यस्थता के जरिए एक हुए पति-पत्नी
सिविल कोर्ट के डालसा कार्यालय में आयोजित पांच दिवसीय विशेष मध्यस्थता अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को विवाह विच्छेद का मुकदमा लड़ रहे पति-पत्नी को एक हो गए। मामूली विवाद को लेकर राम सुंदर स्वांसी ने अपनी पत्नी प्रियांशु कुमारी से विवाह विच्छेद करने को लेकर कुटुंब कोर्ट में 2020 में केस किया था। फैमिली कोर्ट जज ने सुनवाई के दौरान विवाद को सुलझाने के लेकर मामला मध्यस्थता केंद्र भेज दिया। जहां अधिवक्ता मध्यस्थ विजय लक्ष्मी श्रीवास्तव को केस सौंपा गया। जहां दोनों पक्ष बिना भय-दबाव के अपने वाद में स्वेच्छा से समझौता के लिए तैयार हुए। दोनों पुराने विवाद को भूलकर पति-पत्नी के रूप में फिर से जीवन यापन करने को राजी हुए। दोनों मिलकर बच्चों को प्रेमपूर्वक मान-सम्मान के साथ रखेंगे। उनका भरण-पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा का उचित देखभाल करेंगे। पति-पत्नी ने एक दूसरे से यह वादा किया कि पूर्व में जो भी गलती दोनों से हुई थी, उसको नहीं दोहराएंगे।
लड़के ने कहा कि पत्नी को एक महीने के अंदर विदाई करा कर ले जाएंगे। विवाद सुलझाने में अधिवक्ता जयशंकर प्रसाद एवं पप्पू कुमार की अहम भूमिका रही। वहीं अभियान के दूसरे दिन 29 मामलों को सुलझाया गया। हालांकि विभिन्न न्यायालयों से कुल 47 मामले मध्यस्थता के लिए प्राप्त हुए थे। अन्य मामलों में अभी अंतिम स्तर की बातचीत शेष है।
पत्नी की हत्या मामले में पति दोषी करार
अपर न्यायायुक्त दिनेश राय की अदालत ने पत्नी की हत्या के मामले में अभियुक्त पति सिकंदर अंसारी को दोषी करार दिया है। अदालत ने सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए 24 जून की तिथि निर्धारित की है। अभियुक्त ने पांच दिसंबर 2017 को कांके थाना क्षेत्र के हुसीर में पत्नी फरहत अंजुम की हत्या कर दी थी। घटना के सूचना मिलने पर मृतका के भाई जमील अंसारी ने सिकंदर अंसारी के खिलाफ छह दिसंबर 2017 को कांके थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद से ही अभियुक्त जेल में है। मामले में सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से 10 गवाहों को प्रस्तुत किया गया था।