रांची विश्वविद्यालय 1 साल में कराएगा 2 साल का PG कोर्स, देरी से चल रहा शैक्षणिक सत्र
रांची विश्वविद्यालय में पीजी का 2025-27 सत्र एक साल देरी से चल रहा है, जिसके कारण विश्वविद्यालय दो साल का ...और पढ़ें

रांची विश्वविद्यालय। फाइल फोटो
HighLights
रांची विश्वविद्यालय में पीजी का 2025-27 सत्र एक साल पीछे।
दो साल का पीजी कोर्स एक साल में पूरा करने की योजना।
विश्वविद्यालय प्रशासन सत्र को समय पर लाने का कर रहा प्रयास।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची विश्वविद्यालय में पीजी के एक सत्र की गाड़ी एक साल देरी से चल रही है। जिसकी वजह से विवि दो वर्ष का पीजी कोर्स एक वर्ष में ही करवा देगा और 2025-27 सत्र के विद्यार्थियों को 2027 में ही डिग्री प्रदान कर दी जायेगी।
इस वर्ष पीजी विभागों में नामांकन की प्रक्रिया चल रही है वो 2025-27 सत्र में चल रही है जबकि दूसरी ओर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में पीजी के इसी सत्र के विद्यार्थी सेमेस्टर टू में पहुंच चुके हैं।
नामांकन के साथ ही एक साल हो जाएगा पूरा
रांची विश्वविद्यालय के पीजी विभाग में नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। विभागों की ओर से नामांकन सूची जारी कर नामांकन लिया जा रहा है। नामांकन के पहले ही दिन विद्यार्थियों का एक साल पूरा हो जायेगा।
वजह है कि पिछले वर्ष 2025 में लिया जाने वाला नामांकन 2026 में लिया जा रहा है। इसके कारण ये सत्र एक वर्ष पीछे चला गया है। इसकी वजह एक पूर्व कुलपति के द्वारा परीक्षा से संबंधित लिए गए निर्णय हैं, जिससे स्नातक सहित अन्य कोर्स के सेशन लेट हो गये और पीजी का सत्र भी एक साल पीछे हो गया।
सत्र समय पर करने के लिए अवधि करनी होगी कम
वहीं पीजी के इस सत्र 2025-27 को समय पर करने के लिए विवि प्रशासन को एक से डेढ़ साल में विद्यार्थियों की परीक्षा लेकर उन्हें डिग्री प्रदान कर देनी होगी। वहीं अगर दो साल की पढ़ाई नियमित होती है, तो विद्यार्थियों को 2028 में डिग्री मिल पाएगी।
पीजी का कोर्स चार सेमेस्टर का होता है और प्रत्येक सेमेस्टर में मिड सेमेस्टर की परीक्षा का आयोजन किया जाता है। ये केवल पारंपरिक पीजी विभागों का हाल नहीं है, बल्कि वोकेशनल स्तर पर संचालित होने वाले पीजी कोर्स का भी सत्र देरी से चल रहा है। इसमें एमबीए और एमसीए जैसे रोजगारपरक विषय भी शामिल हैं।
समय पर सत्र करने का विवि कर रहा है प्रयास
रांची विश्वविद्यालय प्रशासन समय पर सत्र पूरा करने के प्रयास में जुट गया है। इसके लिए कुलपति डा. सरोज शर्मा ने परीक्षा विभाग से लेकर सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि समय पर परीक्षा का आयोजन करें और परिणाम घोषित करें। इस संबंध में विवि की पीआरओ डॉ. स्मृति सिंह ने बताया कि विवि प्रयास कर रहा है इस सत्र के पीजी के विद्यार्थियों को समय से डिग्री प्रदान कर दी जाए।
