विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में जतरा और छठ पर्व के लिए ट्रैफिक में बड़े बदलाव, 14 से 16 नवंबर तक सड़कों पर ऐसी रहेगी व्यवस्था

Published: Fri, 13 Nov 2026 12:51 PM (IST)

रांची में बारह पड़हा जतरा पूजा महोत्सव और छठ महापर्व के कारण 14 से 16 नवंबर तक यातायात व्यवस्था में ...और पढ़ें

14 नवंबर को कांके रोड पर दोपहर एक से रात आठ बजे तक आटो, टोटो और मालवाहक वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद। (तस्वीर: सांकेतिक)

14 नवंबर को कांके रोड पर दोपहर एक से रात आठ बजे तक आटो, टोटो और मालवाहक वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद। (तस्वीर: सांकेतिक)

HighLights

  1. 14-16 नवंबर तक रांची में यातायात व्यवस्था में बदलाव।

  2. भारी वाहनों और ऑटो-ई-रिक्शा के परिचालन पर रोक।

  3. छठ घाटों के पास 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में बारह पड़हा जतरा पूजा महोत्सव और छठ महापर्व को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। 14 नवंबर को कांके रोड स्थित मिसिर गोंदा के जतरा टांड़ में पारंपरिक बारह पड़हा जतरा पूजा महोत्सव आयोजित होगा।

वहीं, 15 और 16 नवंबर को छठ महापर्व मनाया जाएगा। दोनों आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने अलग-अलग मार्गों पर वाहनों के परिचालन और प्रवेश को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

14 नवंबर को कांके रोड पर बदलेगा ट्रैफिक रूट

बारह पड़हा जतरा पूजा महोत्सव को देखते हुए 14 नवंबर को दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक राम मंदिर चौक से जोड़ा पुल तक सभी प्रकार के आटो, टोटो और छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर चार पहिया वाहनों का परिचालन जारी रहेगा।कांके रिंग रोड से शहर की ओर आने वाले वाहन बोड़ेया रोड, अंतु चौक और करमटोली चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

वहीं, राम मंदिर चौक, रातू चौक और मोरहाबादी मैदान से कांके रिंग रोड की ओर जाने वाले चार पहिया वाहन भी करमटोली चौक, अंतु चौक और बोड़ेया रोड होकर जाएंगे। यातायात पुलिस ने आवश्यकता के अनुसार अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट करने या रोकने की व्यवस्था की है।

15 नवंबर को भारी मालवाहक वाहनों की नो इंट्री

छठ महापर्व को लेकर 15 नवंबर को सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक तथा 16 नवंबर को सुबह दो बजे से सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का रांची शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इस दौरान औद्योगिक क्षेत्रों के भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड का उपयोग कर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। नो इंट्री की अन्य समय-सीमा पूर्ववत रहेगी। 15 नवंबर को दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों का भी शहर में प्रवेश और परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

कई प्रमुख मार्गों पर आटो और ई रिक्शा का परिचालन बंद

  • 15 नवंबर को दोपहर तीन बजे से रात आठ बजे तक चांदनी चौक, कांके से राम मंदिर के बीच आटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा। हालांकि, शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन जारी रहेगा।
  • फिरायालाल से चड़री तालाब की ओर जाने वाली सड़क, जेल चौक से फिरायालाल जाने वाला मार्ग पर कोई वाहन नहीं चलेगा। फिरायालाल आने के लिए प्लाजा चौक मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • रणवीर वर्मा चौक से राजभवन वाले मार्ग में कोई वाहन नहीं चलेगा। राजभवन मार्ग में जाने के लिए कचहरी चौक वाले रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • सीएमपीडीआइ चौक से कांके डैम की ओर जाने वाले मार्ग पर कोई वाहन नहीं चलेगा। कांके की ओर जाने के लिए बोड़या मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • औघड़ बाबा आश्रम से छोटा तालाब और अलबर्ट लाइब्रेरी से बड़ा तालाब की ओर जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा। इस इलाके में जाने के लिए मेन रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • जैन मंदिर के के पास कटिंग और महिला मारवाड़ी कालेज से बड़ा तालाब की ओर जाने वाली सड़क तथा लक्ष्मीनारायण मंदिर से औघड़ बाबा आश्रम की ओर जाने वाले मार्ग पर भी वाहन के प्रवेश पर रोक है। इस इलाके में जाने के लिए किशोरगंज की ओर से जा सकते हैं।
  • ज्यूडिशियल एकेडमी और सिठियो भट्टी (अंजली होटल) से धुर्वा डैम छठ घाट की ओर जाने वाली सड़क पर भी सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस इलाके में जाने के लिए स्टेडियम मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।

छठ घाटों के आसपास 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

छठ के दौरान घाटों के आसपास जाम से बचने के लिए यातायात पुलिस ने कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था चिह्नित की है। इनमें प्रमुख रूप से निम्न स्थान शामिल हैं।

  • रणधीर वर्मा चौक से हटनिया तालाब जाने वाले मार्ग: नगर निगम पार्क के सामने।
  • एसएसपी आवास चौक से हटनिया तालाब जाने वाले मार्ग: सड़क किनारे।
  • जाकिर हुसैन पार्क से हटनिया तालाब जाने वाले मार्ग : नागाबाबा खटाल।
  • राम मंदिर से कांके डैम जाने वाले मार्ग : सीएमपीडीआइ,गांधीनगर
  • शामलीमार बाजार से छठ तालाब जाने वाले मार्ग : शालीमार बाजार
  • शहीद मैदान से छठ तालाब जाने वाले मार्ग : शहीद मैदान
  • जेल चौक के पास: सड़क किनारे।
  • लालपुर यातायात थाना के पास: सड़क किनारे।
  • सर्जना चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग: सर्जना चौक।
  • चुटिया से स्वर्णरेखा नदी जाने वाले मार्ग: सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में
  • किशोरगंज चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग : सड़क किनारे।
  • देवेंद्र मांझी चौक के पास: निवारणपुर।
  • बनस तालाब, चुटिया: सड़क किनारे।

पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि छठ घाटों के आसपास निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी नहीं हो। पुलिस ने लोगों से निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

किसी इलाके में परेशानी हो तो इस नंबर पर करें संपर्क

जतरा और छठ पर्व के दौरान किसी को कोई परेशानी हो तो वह ट्रैफिक एसपी के नंबर 9431706140 और दैनिक जागरण के नंबर 9931094828,9471171708 पर संपर्क कर सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।