विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में गृह प्रवेश कार्यक्रम मातम में बदला: तेज रफ्तार थार ने ली कारोबारी की जान, कई घायल

By Shakti SinghEdited By: Shashank Baranwal
Published: Thu, 12 Feb 2026 12:43 AM (IST)

रांची के अमरावती कॉलोनी में गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान एक तेज रफ्तार थार वाहन ने सड़क किनारे खड़े लोगों ...और पढ़ें

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रांची। अमरावती कॉलोनी, चुटिया में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम उस समय मातम में बदल गया, जब देर रात तेज रफ्तार थार वाहन ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, अमरावती कॉलोनी निवासी मुनचुन सिंह के आवास पर गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सैकड़ों की संख्या में अतिथि पहुंचे थे। आयोजन स्थल के पास सड़क किनारे पंडाल लगाया गया था, जहां लोग खड़े थे।

रात 10:15 बजे तेज रफ्तार थार ने कुचला

इसी दौरान रात करीब 10:15 बजे अनंतपुर की ओर से आ रही काले रंग की तेज रफ्तार थार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन की गति इतनी तेज थी कि लोग संभल भी नहीं पाए और करीब आधा दर्जन लोग इसकी चपेट में आ गए।

कारोबारी की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

हादसे में हटिया निवासी कारोबारी धर्मेंद्र कुमार उर्फ लालू (38) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रेलवे में टीसी अन्नपूर्णा नायडू और उनके 22 वर्षीय पुत्र कुणाल नायडू, जो स्कूटी से वहां से गुजर रहे थे, गंभीर रूप से घायल हो गए।

Ranchi News

अन्नपूर्णा नायडू के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि कुणाल नायडू का पैर टूट गया है। इसके अलावा साउथ रेलवे कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय संदीप महतो और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के भतीजे प्रशांत गौरव उर्फ मन्ने (34) भी हादसे में घायल हुए हैं। प्रशांत गौरव के पैर में चोट आई है। अमित कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

गुरुनानक अस्पताल में मचा हंगामा

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। अन्नपूर्णा नायडू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए राज अस्पताल रेफर किया गया।

Ranchi News 1

रेफर करने की बात पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इलाज की प्रक्रिया को सुचारू कराया गया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, चेकिंग तेज

हादसे के बाद थार चालक वाहन समेत अनंतपुर की ओर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि नंबर नोट नहीं किया जा सका, केवल काले रंग की गाड़ी होने की जानकारी मिल सकी है।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। फरार वाहन की तलाश में शहर के विभिन्न इलाकों में चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।