विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर रांची के मंदिरों में भव्य तैयारी, विशेष पूजा; धनतेरस पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक

Published: Thu, 05 Nov 2026 09:30 AM (IST)

राजधानी रांची के मंदिर दीपावली के लिए आकर्षक विद्युत रोशनी, फूलों और दीयों से सजकर तैयार हो रहे हैं। पर्व ...और पढ़ें

हरमू के श्याम मंदिर से पुंदाग के श्री राधा-कृष्ण मंदिर तक होगा विशेष आयोजन।

हरमू के श्याम मंदिर से पुंदाग के श्री राधा-कृष्ण मंदिर तक होगा विशेष आयोजन।

HighLights

  1. रांची के मंदिर दीपावली के लिए आकर्षक रूप से सजेंगे।

  2. विशेष पूजा, महाआरती और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

  3. धनतेरस पर यातायात व्यवस्था हेतु अतिरिक्त जवान तैनात।

जागरण संवाददाता, रांची। दीपावली को लेकर राजधानी रांची के मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व के अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक विद्युत रोशनी और फूलों से सजाया जाएगा। मंदिरों में साफ-सफाई से लेकर रंग-रोगन, सजावट और विशेष पूजा-अर्चना की तैयारी की जा रही है।

दीपावली के दिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दर्शन और पूजा की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी। हरमू स्थित श्री श्याम मंदिर, मेन रोड विश्वकर्मा मंदिर, पुंदाग के श्री राधा-कृष्ण मंदिर, पहाड़ी मंदिर, सुरेश्वर महादेव मंदिर समेत शहर के अलग-अलग मंदिरों में दीपावली को लेकर विशेष आयोजन होंगे। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी जगमगाती लाइटों से सजाया जाएगा।

इसके साथ ही पूरे मंदिर परिसर में मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। दीयों की रोशनी से मंदिरों को पारंपरिक और आकर्षक रूप दिया जाएगा। कई मंदिरों में फूलों से विशेष सजावट और भगवान का आकर्षक श्रृंगार भी किया जाएगा।

विशेष पूजा और महाआरती का आयोजन

दीपावली के दिन विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी। भगवान का विशेष श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। इसके बाद महाआरती का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की विशेष व्यवस्था रहेगी। मंदिर समितियों की ओर से पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने की तैयारी की जा रही है।

जागरण संध्या और भंडारे की तैयारी

दीपावली के अवसर पर कुछ मंदिरों में जागरण संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर होंगे। वहीं, कई मंदिरों में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।

मंदिर समितियां आयोजन को लेकर तैयारियों में जुटी हैं। मंदिर समितियों की ओर से परिसर की साफ-सफाई, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

दीपावली के दिन अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। मंदिरों को रोशनी से सजाने के साथ पारंपरिक मिट्टी के दीयों के जरिए दीपोत्सव की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा बिखेरने की तैयारी है।

मां काली की पूजा के बाद होगा भोग वितरण, बांटी जाएगी साड़ी और कंबल

लालपुर के हरमति मंदिर में 8 नवंबर को मां काली की पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। पूजा से पहले सुबह मूर्तिकार जगदीश पाल द्वारा निर्मित मां काली की प्रतिमा मंदिर परिसर में लाई जाएगी। इसके बाद प्रतिमा का आकर्षक सजावट और विशेष श्रृंगार किया जाएगा।

रात 8:30 बजे विधि-विधान के साथ पूजा शुरू होगी। रात 10 बजे फल की बलि दी जाएगी। इसके बाद मां की आरती होगी और दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच पुष्पांजलि का आयोजन किया जाएगा। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच मां का भोग और प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसमें खिचड़ी, लाबड़ा, चटनी और पायस यानी खीर शामिल होगी।

वहीं, 9 नवंबर को सामाजिक सेवा के तहत गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच साड़ी और कंबल का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही सभी के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। आयोजन को लेकर मंदिर समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

धनतेरस पर बाजारों में उमड़ेगी भीड़, ट्रैफिक संभालेंगे 200 अतिरिक्त जवान

धनतेरस को लेकर राजधानी के बाजार सजकर तैयार हैं। त्योहार के दौरान खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के बाजार पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष तैयारी की है। धनतेरस के दिन शहर की यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 200 से अधिक अतिरिक्त ट्रैफिक जवानों की तैनाती की जाएगी।

ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ और जाम की आशंका वाले इलाकों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी की योजना बनाई है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि धनतेरस पर अपर बाजार, काली मंदिर रोड, लालपुर और सर्जना चौक से सुजाता चौक तक विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि खरीदारी के दौरान यातायात बाधित नहीं हो। बाजारों में भीड़ बढ़ने पर जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी। इससे वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रखने और जाम से निपटने में मदद मिलेगी।

बड़े वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक

धनतेरस के दिन बाजार क्षेत्रों में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। विशेषकर रात के समय बड़े वाहनों को शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग टीमें लगातार बाजार क्षेत्रों में गश्त करेंगी।

इन टीमों को जाम की स्थिति पर तत्काल नियंत्रण करने और यातायात सुचारु रखने की जिम्मेदारी दी जाएगी। ट्रैफिक पुलिस का प्रयास है कि धनतेरस पर खरीदारी करने पहुंचने वाले लोगों को जाम की समस्या से राहत मिले और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।