रांची में रिकॉर्ड तोड़ मुकाबला, होप-रदरफोर्ड ने दिलाई ऐतिहासिक जीत; 501 रन के मुकाबले में वेस्टइंडीज ने रचा इतिहास
रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 250 रनों का विशाल लक्ष्य हासिल कर ...और पढ़ें

जेएससीए स्टेडियम में भारत का सर्वोच्च टी-20 स्कोर भी नहीं आया काम।
HighLights
वेस्टइंडीज ने 250 रन का लक्ष्य 18.3 ओवर में हासिल किया।
शाई होप और रदरफोर्ड ने 120 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की।
भारत-वेस्टइंडीज टी20 में कुल 501 रन का सर्वाधिक स्कोर।
जागरण संवाददाता, रांची। धुर्वा स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में रनों की बरसात के साथ कई रिकॉर्ड बने। भारतीय टीम ने पांच विकेट पर 249 रन बनाकर वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना सर्वोच्च टी-20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर खड़ा किया, लेकिन कैरेबियाई बल्लेबाजों ने 250 रन का लक्ष्य 18.3 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।
दोनों टीमों ने मिलकर 501 रन बनाए। यह भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अब तक का सर्वाधिक कुल स्कोर है। वेस्टइंडीज ने छह विकेट से जीत दर्ज कर पांच मैचों की शृंखला 1-1 से बराबर कर दी।
होप-रदरफोर्ड की साझेदारी ने तोड़ा पुराना रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड ने भारतीय गेंदबाजों की चुनौती को ध्वस्त कर दिया। होप ने 45 गेंदों पर 102 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और नौ छक्के शामिल रहे। रदरफोर्ड ने 37 गेंदों पर 84 रन ठोके।
दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी हुई। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस विकेट के लिए वेस्टइंडीज की सबसे बड़ी साझेदारी बनी। दोनों ने ड्वेन ब्रावो और शिमरोन हेटमायर की 103 रन की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
भारत ने बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर
भारतीय पारी में संजू सैमसन ने 41 गेंदों पर 82 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ईशान किशन ने 22 गेंदों पर 43 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों पर 40 रन और तिलक वर्मा ने 18 गेंदों पर नाबाद 44 रन की पारी खेली।
भारत का 249 रन का स्कोर वेस्टइंडीज के खिलाफ उसका सर्वोच्च टी-20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर रहा। इससे पहले भारत ने 2016 में अमेरिका के लाडरहिल में चार विकेट पर 244 रन बनाए थे।
पावरप्ले में भी भारत का रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने शुरुआती छह ओवर में एक विकेट पर 79 रन बनाए। यह वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का सर्वोच्च टी-20 अंतरराष्ट्रीय पावरप्ले स्कोर रहा। संजू सैमसन ने 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की ओर से सबसे तेज टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक के रिकॉर्ड की बराबरी की।
तिलक वर्मा के पांच हजार टी-20 रन पूरे
मुकाबले में तिलक वर्मा ने अपने टी-20 करियर में पांच हजार रन पूरे किए। उन्होंने 18 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाकर भारतीय पारी को तेजी दी। हालांकि, बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के बावजूद भारतीय गेंदबाज वेस्टइंडीज को लक्ष्य हासिल करने से नहीं रोक सके। रांची में बना 501 रन का कुल स्कोर और होप-रदरफोर्ड की रिकार्ड साझेदारी इस मुकाबले की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहे।
