रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आधी रात पुलिस देख सहमे छात्र, CBI जांच की मांग पर अड़े स्टूडेंट
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र आधी रात तक जेपीएससी और सीजीएल परीक्षा रद कर सीबीआई जांच की मांग पर डटे रहे।

स्टेडियम में पहुंची पुलिस। (जागरण)
HighLights
छात्रों की मुख्य मांग जेपीएससी-सीजीएल परीक्षा रद करना।
परीक्षा रद्द करने के खिलाफ सफल छात्रों का विरोध।
सरकार के सामने दोनों पक्षों को संतुष्ट करने की चुनौती।
जागरण संवाददाता, रांची। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बुधवार की रात 11 बजे भी छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकजुट होकर बैठे थे और आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा कर रहे थे। माहौल पूरी तरह शांत था, लेकिन छात्रों के भीतर अपनी मांग को लेकर दृढ़ता साफ नजर आ रही थी।
छात्रों का कहना है कि वे न किसी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और न किसी को बर्खास्त करने की। उनकी मुख्य मांग जेपीएससी और सीजीएल परीक्षा को रद कर पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की है।
छात्रों का आंदोलन पिछले करीब तीन सप्ताह से जारी है। बुधवार की आधी रात भी छात्र इसी उम्मीद के साथ अपने साथियों से विचार-विमर्श करते रहे कि आंदोलन को किस तरह और मजबूत किया जाए।
रात 12:15 बजे पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी, घबराए छात्र
इसी बीच रात करीब 12:15 बजे पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी स्टेडियम पहुंची। पुलिस को देखते ही कई छात्र-छात्राएं घबरा गए और अपने स्थानों से बाहर निकलकर पुलिस के आने का कारण पूछने लगे। मंगलवार रात की घटना के बाद छात्रों में पुलिस को लेकर भय का माहौल नजर आया। वर्दी देखते ही कई छात्र आशंकित हो गए।

हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने छात्रों को स्पष्ट किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पहुंची है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में छात्र स्टेडियम में मौजूद हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है।
साथ ही असामाजिक तत्वों की पहचान और निगरानी के लिए भी पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है। पुलिस की बात स्पष्ट होने के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली।
हर कोने में बनती रही आंदोलन की रणनीति
स्टेडियम के अलग-अलग हिस्सों में छात्र अपने साथियों के साथ बैठकर आंदोलन को और व्यापक बनाने पर चर्चा करते रहे। खासकर उन छात्रों को आंदोलन से जोड़ने की रणनीति बनाई गई, जो अब तक दूर रहकर समर्थन कर रहे हैं। छात्रों का प्रयास है कि ऐसे युवाओं को स्टेडियम बुलाकर आंदोलन में शामिल किया जाए और उनकी संख्या बढ़ाई जाए।
जेपीएससी पीटी पास छात्र परीक्षा रद करने के विरोध में उतरे
जेपीएससी की पीटी परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले कुछ छात्र अब परीक्षा रद किए जाने की मांग के खिलाफ सामने आए हैं। इन छात्रों का कहना है कि उन्होंने पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ परीक्षा दी और सफलता हासिल की है। ऐसे में यदि परीक्षा रद की जाती है तो उन छात्रों का क्या दोष है, जिन्होंने बिना किसी गलत तरीके के परीक्षा पास की है।

छात्रों का कहना है कि यदि परीक्षा में किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो सरकार को गलत तरीके से परीक्षा में शामिल होने या अनियमितता करने वाले अभ्यर्थियों को चिह्नित करना चाहिए। पूरी परीक्षा रद करने से ईमानदारी से परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ अन्याय होगा।
अब सरकार के सामने चुनौती और बढ़ी
परीक्षा रद करने की मांग कर रहे आंदोलनकारी छात्रों के साथ-साथ परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों की अलग राय सामने आने के बाद मामला और चुनौतीपूर्ण हो गया है।

एक ओर परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच और परीक्षा रद करने की मांग को लेकर आंदोलन जारी है, वहीं दूसरी ओर सफल अभ्यर्थी अपने भविष्य को लेकर परीक्षा रद करने का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में सरकार के सामने दोनों पक्षों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष और उचित फैसला लेने की चुनौती है।
