रांची में NEET छात्र को दिनदहाड़े घेरा, डिक्की में डालने का प्रयास; भाई की गर्दन पर सटाई पिस्टल
रांची के कांके थाना क्षेत्र में नीट की तैयारी कर रहे छात्र अमन कुमार साह के अपहरण का प्रयास किया ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
जागरण संवाददाता, रांची। कांके थाना क्षेत्र के अरसंडे बैंक के पास नीट की तैयारी कर रहे छात्र के साथ दिनदहाड़े मारपीट, अपहरण के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कॉर्पियो, ऑल्टो कार और बाइक से पीछा करने के बाद आरोपितों ने बुकरू के पास छात्र को घेर लिया और जबरन गाड़ी की डिक्की में डालने का प्रयास किया।
इसी दौरान छात्र के छोटे भाई की गर्दन पर पिस्टल सटाकर घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में अरसंडे निवासी बीएससी पार्ट-2 के छात्र अमन कुमार साह ने कांके थाना में लिखित शिकायत दी है।
शिकायत के आधार पर प्रभाकर सोनी, अभीजीत डे उर्फ रोनी डे, बंटी गुप्ता और एक अज्ञात युवक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। अमन हरि ओम टॉवर स्थित एलन कोचिंग संस्थान से नीट की तैयारी करता है।
फोन कर बैंक ऑफ इंडिया के पास बुलाया
प्राथमिकी के अनुसार, 25 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे अमन को फोन कर अरसंडे स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास बुलाया गया था। वहां पहुंचते ही पहले से मौजूद आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर अमन स्कूटी से वहां से भागा। आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो, ऑल्टो कार और बाइक से उसका पीछा किया गया।
बुकरू के पास घेरकर डिक्की में डालने का प्रयास
पीछा करते हुए आरोपितों ने बुकरू के पास अमन को घेर लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए जबरन गाड़ी की डिक्की में डालने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका छोटा भाई प्रीतम कुमार वहां पहुंच गया। उसने अपने भाई को आरोपितों के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया।
आरोप है कि इस पर एक युवक ने प्रीतम की गर्दन पर पिस्टल सटा दी और धमकी दी कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी तो दोनों को जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। कांके थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
