रांची रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म 6 लगभग तैयार, छठ के बाद साउथ गेट से शुरू हो जाएगा ट्रेनों का परिचालन
रांची रेलवे स्टेशन का साउथ गेट दीपावली और छठ पूजा के बाद यात्रियों के लिए खुलने वाला है। नवंबर के ...और पढ़ें
-1785603176612_m.webp)
रांची जंक्शन। फाइल फोटो
HighLights
साउथ गेट दीपावली-छठ के बाद यात्रियों के लिए खुलेगा।
प्लेटफॉर्म छह का निर्माण नवंबर अंत तक पूरा होगा।
स्टेशन पर लिफ्ट, एस्केलेटर और पार्किंग सुविधा बढ़ेगी।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के तहत यात्रियों को जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने वाली है। स्टेशन का साउथ गेट दीपावली और छठ पूजा के बाद यात्रियों के लिए खोलने की तैयारी है।
इसके लिए प्लेटफार्म नंबर छह का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। रेलवे ने नवंबर के अंत तक प्लेटफार्म छह को पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इसके बाद साउथ गेट से ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा। वर्तमान में प्लेटफार्म के शेड और भवन में फिनिशिंग का काम चल रहा है।
त्योहार के बाद शुरू होगी सेवा
रांची रेलवे स्टेशन पर दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों का दबाव काफी बढ़ जाता है। इस अवधि में प्रतिदिन करीब 80 हजार यात्रियों की आवाजाही होने की संभावना रहती है। ऐसे में रेलवे त्योहार के दौरान बड़े निर्माण कार्यों और यात्री आवागमन को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचते हुए काम को आगे बढ़ा रहा है।
त्योहार समाप्त होने के बाद यात्रियों की भीड़ अपेक्षाकृत कम होने पर साउथ गेट और प्लेटफार्म छह से संबंधित कार्यों को अंतिम रूप देकर सेवा शुरू करने की योजना है।
नवंबर में प्लेटफार्म छह का काम लगभग पूरा हो जाएगा। इसके बाद साउथ गेट को परिचालन से जोड़ दिया जाएगा। इससे स्टेशन के एक ही मुख्य प्रवेश द्वार पर यात्रियों का दबाव कम होगा और ट्रेनों के आवागमन की व्यवस्था को भी बेहतर करने में मदद मिलेगी।
प्लेटफॉर्म चार-पांच पर लिफ्ट और एस्केलेटर
स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत केवल प्लेटफार्म छह ही नहीं, बल्कि अन्य प्लेटफार्मों पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्लेटफार्म नंबर चार और पांच पर एस्केलेटर और लिफ्ट लगाने की तैयारी चल रही है। इससे बुजुर्ग, दिव्यांग और अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में सहूलियत होगी।
नामकुम की ओर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके साथ कानकोर्स तैयार करने की योजना है। कानकोर्स बनने के बाद साउथ गेट से आने वाले यात्री स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक तक भी आसानी से पहुंच सकेंगे।
स्टेशन के पुनर्विकास का काम चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। प्लेटफार्म छह की सुविधा शुरू होने के बाद दूसरे हिस्सों में काम किया जाएगा और अंत में प्लेटफार्म नंबर एक से संबंधित कार्य पूरे किए जाएंगे।
पार्किंग का काम लगभग पूरा
साउथ गेट के बाहर पार्किंग क्षेत्र का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। स्टेशन के मुख्य प्रवेश मार्ग तक सड़क का कालीकरण किया जा रहा है। पार्किंग क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था की जा रही है। इससे यात्रियों को वाहन लेकर स्टेशन पहुंचने पर पार्किंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
रांची स्टेशन का पुनर्विकास पूरा होने के बाद प्रवेश, निकास, प्लेटफार्म तक पहुंच, यात्री सुविधाओं और वाहन पार्किंग की व्यवस्था में व्यापक बदलाव आएगा। साउथ गेट और प्लेटफार्म छह का संचालन इस दिशा में महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।
नवंबर माह तक प्लेटफार्म छह का कार्य लगभग पूरा हो जाएगा। इसके बाद साउथ गेट की सेवा शुरू की जाएगी। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। इसके बाद स्टेशन के दूसरे हिस्सों में चरणबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ाया जाएगा। -करुणा निधि सिंह, डीआरएम, रांची रेल मंडल
