रांची, हटिया और मुरी आने-जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर! आज से साउथ गेट से भी मिलेगा टिकट
दुर्गा पूजा के लिए रांची, हटिया और मुरी स्टेशनों पर रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर विशेष तैयारियां ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड ईमेज।
HighLights
दुर्गा पूजा में रांची स्टेशन पर बढ़ेगी भीड़, टिकट और सुरक्षा के खास इंतजाम।
दुर्गा पूजा में यात्रियों को मिलेगी राहत, रांची स्टेशन के साउथ गेट पर भी मिलेंगे टिकट।
दुर्गा पूजा पर रांची, हटिया और मुरी स्टेशन पर खास तैयारी, CCTV से होगी निगरानी।
जागरण संवाददाता, रांची। दुर्गा पूजा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने रेलवे स्टेशनों पर विशेष तैयारी की है। रांची, हटिया और मुरी स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और उन्हें किसी तरह की परेशानी से बचाने के लिए कई स्तरों पर इंतजाम किए जा रहे हैं।
रांची रेलवे स्टेशन पर इस बार यात्रियों की संख्या में करीब 80 हजार तक की वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए टिकट काउंटर, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रांची रेलवे स्टेशन के साउथ गेट की ओर से भी यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत टिकट काउंटर खोले जाएंगे।
साथ ही चार ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) और मोबाइल यूटीएस सहायक की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे साउथ गेट की ओर से स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को टिकट लेने में सहूलियत होगी। सोमवार से इस व्यवस्था को शुरू करने की तैयारी है।
बैरिकेडिंग से व्यवस्थित होगी आवाजाही
स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की जा रही है। इसका उद्देश्य स्टेशन में प्रवेश करने और ट्रेन से उतरकर बाहर निकलने वाले यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित रहे, ताकि भीड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। स्टेशन के बाहर भी वाहनों की अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
यात्रियों को उतारने के बाद वाहनों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार आगे बढ़ाना होगा। वीकेंड ड्राप क्षेत्र में वाहनों को खड़ा करने पर रोक रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सीसीटीवी और वार रूम से होगी निगरानी
त्योहार के दौरान स्टेशन पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी के लिए रेलवे का वार रूम सक्रिय किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से भी अपना वार रूम सक्रिय रखा गया है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी।
इसके अलावा ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने के लिए नियमित अनाउंसमेंट की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को अपनी ट्रेन से संबंधित जानकारी समय पर मिल सके।
ट्रेनों में चढ़ने-उतरने के दौरान सुरक्षा पर जोर
प्लेटफॉर्म पर ट्रेन के खुलने के समय यात्रियों की जल्दबाजी के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने के प्रयास में यात्री गिरकर चोटिल हो जाते हैं। इसे देखते हुए प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही और ट्रेन में चढ़ने-उतरने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। आरपीएफ की ओर से अतिरिक्त जवानों की तैनाती भी की गई है, ताकि भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
जीएम के निरीक्षण के बाद तैयारी तेज
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने हाल ही में रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। दुर्गा पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन रांची के साथ हटिया स्टेशन पर भी आवश्यक इंतजाम कर रहा है। मुरी स्टेशन पर भी यात्रियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए तैयारी की जा रही है।
