विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परिवार की जिम्मेदारियों के बीच गीत लेखन में बनाई पहचान, रांची की साधना का तीसरा गीत 'राम आए हैं' रिलीज

By Pradeep SinghEdited By: Rajat Mourya
Published: Fri, 06 Nov 2026 11:05 PM (IST)

रांची की साधना सिंह ने पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच गीत लेखन में अपनी पहचान बनाई है। हाल ही में उनका ...और पढ़ें

रांची की साधना का तीसरा गीत 'राम आए हैं' रिलीज

रांची की साधना का तीसरा गीत 'राम आए हैं' रिलीज

HighLights

  1. रांची की साधना सिंह ने गीत लेखन में अपनी पहचान बनाई।

  2. उनका तीसरा गीत 'राम आए हैं' दीपावली के अवसर पर रिलीज हुआ।

  3. ऑडवर्स रिकॉर्ड ने अंकित सारस्वत की आवाज में इसे प्रस्तुत किया।

जागरण संवाददाता, रांची। परिवार की जिम्मेदारियों के साथ अपनी रचनात्मक रुचि को समय देना आसान नहीं होता। रांची के दीपाटोली में रहने वाली साधना सिंह ने इसी संतुलन के बीच गीत और कविता लेखन की ओर कदम बढ़ाया है।

गाजियाबाद में बतौर पत्रकार अपने करियर की शुरुआत करने वाली साधना अब गीतकार के रूप में पहचान बना रही हैं। दीपावली के अवसर पर उनका लिखा तीसरा गीत ‘राम आए हैं’ रिलीज हुआ है।

लेखन के प्रति बनी रही साधना सिंह की रुचि

साधना के मन में हमेशा से कुछ रचनात्मक करने की इच्छा रही। पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण पत्रकारिता का सफर आगे नहीं बढ़ सका, लेकिन लेखन के प्रति उनकी रुचि बनी रही। इसी क्रम में वह ऑनलाइन मंच 'इंक्वेल इनोवेटर्स', जिसे सृष्टि शर्मा चलाती हैं, से जुड़ीं।

यहां उन्होंने कविताओं का पाठ करना शुरू किया। धीरे-धीरे गीत लेखन की ओर भी उनकी रुचि बढ़ी। उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी अपने माता-पिता, रविंद्र सिंह और रमा सिंह, को गौरवान्वित करने की भावना भी उन्हें लगातार कुछ नया करने के लिए प्रेरित करती रही।

शिवरात्रि पर ‘हर हर महादेव’ और नवरात्र में भजन ‘मां के दर पर’ हुआ रिलीज

इसी दौरान ऑडवर्स रिकॉर्ड (Oddverse Record) की एक प्रतियोगिता के माध्यम से उन्हें गीत लिखने का अवसर मिला। म्यूजिक कंपनी के निदेशक श्री अंकित सारस्वत ने उनकी रचना को मंच दिया।

इसके बाद शिवरात्रि के अवसर पर उनका गीत ‘हर हर महादेव’ और नवरात्र में भजन ‘मां के दर पर’ रिलीज हुआ। ‘मां के दर पर’ को अब तक दस हजार से अधिक बार सुना जा चुका है। अब कंपनी ने उनका तीसरा गीत ‘राम आए हैं’ रिलीज किया है।

इस गीत को श्री अंकित सारस्वत ने अपनी मधुर आवाज दी है, जबकि एलेन कश्यप की प्रस्तुति ने इसे खास बनाया है। गीत में प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी के साथ राजा दशरथ के वात्सल्य और पुत्र प्रेम को भी अभिव्यक्ति दी गई है।

गीत लेखन का अवसर मिलना मेरे लिए महत्वपूर्ण रहा : साधना सिंह

साधना का कहना है कि परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए उनके मन में यह इच्छा बनी रहती थी कि घर से ही अपनी रचनात्मकता को आगे कैसे बढ़ाया जाए।

इंक्वेल इनोवेटर्स से जुड़ना और फिर ऑडवर्स रिकॉर्ड के माध्यम से गीत लेखन का अवसर मिलना उनके लिए इस दिशा में महत्वपूर्ण रहा। वह अंकित सारस्वत की इस पहल को सराहती हैं कि नई प्रतिभाओं को भी अपनी रचनाएं सामने लाने का अवसर दिया जा रहा है।

साधना के अनुसार, ऑडवर्स रिकॉर्ड पर उनके दो और गीत आने वाले हैं, जिनमें एक गजल भी आएगी। भक्ति गीतों के अलावा, उनकी 'सप्तक' एल्बम भी जल्द आएगी जिसमें सात अलग-अलग तरह के गीत हैं और उनमें एक गजल भी शामिल है।

वह लेखन के इस सिलसिले को आगे बढ़ाना चाहती हैं। उनका मानना है कि घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच भी अपनी रुचि और सपनों के लिए थोड़ा समय निकालना जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।