विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में India-West Indies मैच! घर से निकलने से पहले जान लें टिकट, एंट्री और ट्रैफिक से जुड़ी पूरी जानकारी

Published: Mon, 05 Oct 2026 07:00 AM (IST)

भारत-वेस्टइंडीज टी20 मैच के लिए रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खिलाड़ियों की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित रूट और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती।

  2. टिकट कालाबाजारी व साइबर ठगी रोकने को विशेष निगरानी।

जागरण संवाददाता, रांची। 9 अक्टूबर को जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी 20 मुकाबले को लेकर रांची में सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी गई है। रविवार को जेएससीए स्टेडियम में जिला प्रशासन, रांची पुलिस और जेएससीए प्रबंधन के अधिकारियों की बैठक हुई।

इसमें खिलाड़ियों की सुरक्षा, दर्शकों की भीड़, ट्रैफिक व्यवस्था, टिकट बिक्री, कालाबाजारी और टिकट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर रणनीति तैयार की गई। खिलाड़ियों के रांची पहुंचने से लेकर होटल और स्टेडियम तक आने जाने के लिए विशेष रूट तय किए जाएंगे। इन रूटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी और लगातार निगरानी की जाएगी।

खिलाड़ियों की प्रैक्टिस के दौरान भी सुरक्षा का विशेष इंतजाम रहेगा। मैच के दिन खिलाड़ियों के काफिले के लिए भी सुरक्षा घेरा तैयार किया जाएगा। स्टेडियम के अंदर और बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

बिना टिकट प्रवेश नहीं, अतिरिक्त बल रहेगा तैनात

मैच को लेकर अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। स्टेडियम में केवल वैध टिकट या अधिकृत पास के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। सोमवार से टिकटों की बिक्री शुरू होने की जानकारी दी गई है। टिकट काउंटरों पर संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। पुलिस बल की तैनाती कर भीड़ को व्यवस्थित रखा जाएगा।

टिकट के नाम पर ठगी से सावधान रहें दर्शक

पुलिस और जेएससीए प्रबंधन ने दर्शकों को आनलाइन टिकट ठगी से सावधान किया है। सोशल मीडिया पर आने वाले अनजान पोस्ट, संदिग्ध लिंक या किसी व्यक्ति के माध्यम से टिकट खरीदने से बचने की अपील की गई है। दर्शकों को अधिकृत काउंटर या जेएससीए की आधिकारिक व्यवस्था से ही टिकट लेने की सलाह दी गई है।

बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के दौरान टिकट के नाम पर साइबर ठगी की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में दर्शकों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक पर भी विशेष नजर

मैच के दिन बड़ी संख्या में दर्शकों और वाहनों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है। दर्शकों के आवागमन को सुगम रखने के साथ खिलाड़ियों के काफिले के निर्धारित रूट को सुरक्षित और निर्बाध रखने की तैयारी है।

स्टेडियम के आसपास अनावश्यक भीड़ और वाहनों के जमावड़े को रोकने के लिए भी पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। सुरक्षा, ट्रैफिक, भीड़ नियंत्रण और दर्शकों की सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं पर तैयारी की जा रही है। 

यह भी पढ़ें- JSCA ने घोषित की भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकटों की दरें: धोनी पवेलियन ₹10000, सबसे सस्ता टिकट ₹1600 का