विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची के ब्वॉयज हॉस्टल में 5वीं के छात्र के साथ यौन उत्पीड़न, नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

Published: Sun, 27 Sep 2026 08:05 AM (IST)

रांची के इंडियन पब्लिक स्कूल में 11 वर्षीय छात्र के साथ 16 वर्षीय छात्र द्वारा कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. रांची के इंडियन पब्लिक स्कूल में यौन उत्पीड़न का आरोप।

  2. 11 वर्षीय छात्र पीड़ित, 16 वर्षीय छात्र आरोपी गिरफ्तार।

  3. स्कूल की सीबीएसई मान्यता पर भी उठे गंभीर सवाल।

पिठोरिया प्रतिनिधि, रांची। पिठोरिया-चंदवे स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल के आवासीय परिसर में 11 वर्षीय छात्र के साथ उसी स्कूल के 16 वर्षीय छात्र द्वारा कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है।

घटना के बाद पीड़ित छात्र के परिजनों ने पिठोरिया थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धारा 6/21 के तहत कांड संख्या 98/26 दर्ज करते हुए नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि 21 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे उनके बेटे के साथ हॉस्टल में कथित तौर पर घटना हुई।

आरोप है कि नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने उनके बेटे को डराया-धमकाया और उसके साथ जबरदस्ती की। अगले दिन 22 सितंबर को पीड़ित छात्र ने फोन पर रोते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी।

प्रबंधन पर जानकारी नहीं देने का आरोप

पीड़ित के परिजनों ने स्कूल और हॉस्टल प्रबंधन पर घटना की जानकारी तत्काल उन्हें और पुलिस को नहीं देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 21 सितंबर की रात हुई घटना की जानकारी प्रबंधन को होने के बावजूद मामले की सूचना समय पर नहीं दी गई। इसको लेकर परिजनों में नाराजगी है।

स्कूल की मान्यता को लेकर भी सवाल

पुलिस जांच के दौरान स्कूल की सीबीएसई मान्यता को लेकर भी सवाल उठने की बात सामने आई है। आरोप है कि स्कूल में सीबीएसई पाठ्यक्रम के आधार पर पढ़ाई कराई जा रही थी, जबकि स्कूल को अभी तक सीबीएसई से मान्यता नहीं मिली है। हालांकि, इस संबंध में स्कूल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।

घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों में चिंता का माहौल है। मामले की जांच के साथ पुलिस हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ें- वियतनाम में रांची के योग शिक्षक की मौत, कार और स्कूटी की टक्कर से हुआ दर्दनाक हादसा