रांची सदर अस्पताल कैथलैब प्रोजेक्ट: 7 करोड़ से बढ़कर 10 करोड़ पहुंची लागत, विभाग ने दी मंजूरी
रांची सदर अस्पताल में हृदय रोगियों के लिए कैथलैब परियोजना की लागत 7 करोड़ से बढ़कर 9.90 करोड़ रुपये हो ...और पढ़ें

स्वास्थ्य विभाग ने इस परियोजना की बढ़ी हुई लागत 9.90 करोड़ रुपये पर कार्यादेश की मंजूरी प्रदान कर दी है।
HighLights
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ी हुई लागत को प्रशासनिक मंजूरी दी।
हृदय रोगियों को किफायती दरों पर उन्नत चिकित्सा मिलेगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। रांची सदर अस्पताल में हृदय रोगियों के बेहतर और आधुनिक इलाज के लिए स्थापित की जाने वाली कैथलैब का रास्ता साफ हो गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने इस परियोजना की बढ़ी हुई लागत 9.90 करोड़ रुपये पर कार्यादेश की मंजूरी प्रदान कर दी है।
क्यों बढ़ी परियोजना की लागत?
पूर्व में स्वास्थ्य विभाग ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए सदर अस्पताल को सात करोड़ रुपये आवंटित किए थे, हालांकि रांची सिविल सर्जन ने विभाग से कुल आठ करोड़ रुपये की मांग की थी।
कैथलैब की स्थापना और आगामी पांच वर्षों के रखरखाव (मेंटेनेंस) के लिए निकाली गई ई-निविदा में दो एजेंसियों ने हिस्सा लिया था।
निविदा प्रक्रिया के दौरान एजेंसियों द्वारा न्यूनतम बोली 9.90 करोड़ रुपये लगाए जाने के कारण योजना की कुल लागत में वृद्धि हुई।
इस बढ़ी हुई राशि में कैथलैब की स्थापना, अत्याधुनिक मशीन उपकरण, मानव संसाधन और सिविल वर्क का खर्च शामिल है।
प्रशासनिक स्वीकृति और अतिरिक्त आवंटन
लागत में हुई इस वृद्धि को विकास आयुक्त की अध्यक्षता वाली योजना प्राधिकृत समिति और जिला क्रय समिति की अनुशंसा के बाद मंजूरी दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में आवंटित सात करोड़ रुपये के अतिरिक्त अब शेष 2.90 करोड़ रुपये की राशि अलग से आवंटित की जाएगी।
दो किस्तों में होगा एजेंसी को भुगतान
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, चयनित एजेंसी को राशि का भुगतान दो चरणों में किया जाएगा। पहली किस्त के रूप में कुल राशि का 80 प्रतिशत भुगतान होगा।
जबकि शेष 20 प्रतिशत राशि कैथलैब के सफलतापूर्वक हैंडओवर होने के बाद जारी की जाएगी। विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि योजना के क्रियान्वयन में वित्त विभाग के नियमों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
मूल स्वीकृति आदेश की अन्य सभी शर्तें यथावत लागू रहेंगी। इस कैथलैब के शुरू होने से राजधानी समेत आसपास के जिलों के हृदय रोगियों को किफायती दरों पर उन्नत चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।