Indian Railways: रांची रेल मंडल में रेलवे ट्रैक में बड़े बदलाव के कारण बढ़ गई ट्रेनों की रफ्तार... यात्रियों को सुविधा
Indian Railway News रांची रेल मंडल में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए रेलवे की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। इससे ट्रेनों की रफ्तार काफी बढ़ गई है। रेलवे ने मुरी स्टेशन यार्ड को अपग्रेड कर पांच डाइमंड क्रासिंग को भी हटा दिया है।
रांची, जागरण संवाददाता। ट्रेनों का परिचालन समय पर हो और सेक्शन से कॉशन की संख्या में कमी आए इसके लिए रांची रेल मंडल द्वारा लगातार सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि समय पर यात्री अपने गंतव्य स्थल तक पहुंच सकें। इसके लिए रांची रेल मंडल के मुरी स्टेशन यार्ड का अपग्रेडेशन करते हुए पांच डाइमंड क्रॉसिंग हटाये गए हैं तथा मुरी यार्ड लाइन संख्या 1,3,4 एवं 5 की गति सीमा 15 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ा कर 30 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। पहले संबंधित सेक्शन पर ट्रेन की गति काफी धीमी हो जाती थी, अब व्यवस्था में बदलाव से ट्रेनों के परिचालन में सुधार हुआ है।
गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटे
हटिया बंडा मुंडा रेल लाइन दोहरीकरण अंतर्गत गोविंदपुर रोड एवं कर्रा के बीच नवनिर्मित लाइन की गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटे कर दी गई है। रांची रेल मंडल के टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन, तिरुलडीह रेलवे स्टेशन, गंगा घाट रेलवे स्टेशन पर नए फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया गया है। साथ ही, रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 से सर्कुलेटिंग एरिया तक फुटओवर ब्रिज का विस्तारीकरण किया गया है। वित्त वर्ष 2021-22 में रांची रेल मंडल द्वारा दो समपार फाटक क्रमश: हटिया-नुंआगां रेलखंड पर समपार फाटक संख्या एच बी-51 के स्थान पर नार्मल हाइट सबवे तथा लोहरदगा– बरकीचंपी रेलखंड पर समपार फाटक संख्या आरटी-44 के स्थान पर नार्मल हाइट सबवे एवं लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर समपार फाटक संख्या आरटी-51 के स्थान पर सड़क ऊपरी पुल का निर्माण कराया गया है।