अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा रांची की प्रेरणा का नाम, स्पेशल सेल ने सभी जिलों को किया अलर्ट
रांची की प्रेरणा का नाम अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ने के बाद केंद्र व राज्य की खुफिया एजेंसियां सतर्क हो ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
रांची की प्रेरणा का नाम अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा।
मास्को इंटरपोल से सूचना के बाद खुफिया एजेंसियां सतर्क हुईं।
झारखंड पुलिस ने प्रेरणा को गिरफ्तार करने का अलर्ट जारी किया।
राज्य ब्यूरो, रांची। रांची की रहने वाली एक प्रेरणा नाम की लड़की का नाम कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा है। रूस की राजधानी मास्को से इंटरपोल के माध्यम से सूचना आने के बाद केंद्र व राज्य की खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गईं हैं।
झारखंड पुलिस की विशेष शाखा ने सभी जिलों को सतर्क करते हुए एक स्केच जारी कर प्रेरणा की जानकारी दी है। दिखते ही गिरफ्तार करने व आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मास्को इंटरपोल ने भारतीय एजेंसियों को कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में इनपुट साझा किया था, जिसमें प्रेरणा का भी नाम था। इनपुट है कि प्रेरणा नेपाल के रास्ते भारत वापस लौट आई है।
इस सूचना के बाद से केंद्र व राज्य की खुफिया एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी है और उसके संभावित ठिकानों व गतिविधियों आदि से संबंधित सूचनाओं का सत्यापन कर रही है।
झारखंड के विभिन्न जिलों में भी गोपनीय तरीके से प्रेरणा की तलाश चल रही है। ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म को भी खंगाला जा रहा है, ताकि ड्रग्स पैडलर्स के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
ड्रग्स के विरुद्ध केंद्र व राज्य की पुलिस लगातार सक्रिय
हाल के वर्षों में ड्रग्स के विरुद्ध केंद्र व राज्य की पुलिस लगातार सक्रिय है। सभी उच्च स्तरीय बैठकों में माओवाद, अपराध व संगठित आपराधिक गिरोह के साथ-साथ ड्रग्स के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाने की रणनीति बनती रही है।
हेमंत सोरेन की सरकार ने भी पिछले कई वर्षों से अपने वरिष्ठ अधिकारियों को ड्रग्स की तस्करी रोकने, इसमें जुड़े व्यक्तियों की गिरफ्तारी, उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने, उनका डेटाबेस तैयार करने, जेल से छूटने वालों की निगरानी करने आदि का आदेश दे रखा है।
