विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में स्नैचर्स का आतंक: 18 घंटे के भीतर 3 महिलाओं से झपटी सोने की चेन, शहरवासियों में फूटा आक्रोश

Published: Sat, 01 Aug 2026 09:32 PM (IST)

जमशेदपुर में 18 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन महिलाओं से चेन स्नैचिंग की घटनाएं हुईं, जिससे शहर में दहशत और आक्रोश है।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर। (AI Generated Image.)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर। (AI Generated Image.)

HighLights

  1. उलीडीह, सोनारी, साकची में महिलाओं को बनाया गया शिकार।

  2. सीसीटीवी फुटेज, बाइक मिलने पर भी पुलिस खाली हाथ।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ अपराधियों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था को चुनौती दी है।
 
महज 18 घंटे के भीतर शहर के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों उलीडीह, सोनारी और साकची में तीन महिलाओं को अपना निशाना बनाया।
 
लगातार हो रही इन वारदातों से महिलाओं में भारी दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
 

उलीडीह में मॉर्निंग वॉक के दौरान ढाई लाख की चेन झपटी

शनिवार सुबह उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 में मॉर्निंग वॉक पर निकलीं बुजुर्ग महिला आशा रानी सारंगी जैसे ही अपने घर के समीप पहुंचीं, एक पैदल आए शातिर बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। 
 
वारदात इतनी तेजी से हुई कि जब तक पीड़िता संभलतीं, आरोपी फरार हो चुका था। छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। घटना का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी साफ नजर आ रहा है।
 

सोनारी और साकची में भी दुस्साहसिक वारदातें

इससे पूर्व शुक्रवार शाम को सोनारी एरोड्रम स्थित एच रोड पर टहल रही बुजुर्ग महिला अर्चना श्रीवास्तव से बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली। हालांकि, भागने के दौरान हड़बड़ाहट में बदमाश अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर पैदल भाग निकले।

इसके तुरंत बाद, शुक्रवार देर शाम ही साकची स्थित जुबली पार्क गेट नंबर-1 के पास सोनारी निवासी चंदना दास भी स्नैचर्स की शिकार बन गईं।
 

CCTV और बाइक मिलने के बावजूद गिरफ्तारी शून्य

तीनों मामलों में पुलिस की टीम जांच का दावा कर रही है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से आरोपी की बाइक बरामद होने के बावजूद अब तक किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

प्रमुख रिहायशी इलाकों और सार्वजनिक पार्कों के पास बेखौफ होकर अंजाम दी जा रही इन वारदातों से शहरवासियों में गहरा आक्रोश है।

लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर अंकुश नहीं लगाया, तो महिलाओं का सड़कों पर निकलना दूभर हो जाएगा।