गहनाघर गोलीकांड में रेकी करने वाले का मिला सुराग, रेस हुई Ranchi Police
14 अक्टूबर को रांची के गहनाघर गोलीकांड में 10 दिन बाद भी अपराधी गिरफ्त से दूर हैं। यहां लूट के इरादे से घुसे पांच अपराधियों ने खिरवाल बंधुओं को गोली मार दी थी।
रांची, जासं। रांची के 'गहना घर' में हुए डाका मामले के 10 दिन बाद भी अपराधी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। हालांकिपुलिस दावा कर रही है कि अपराधियों के पूरे गिरोह की पहचान हो चुकी है। पुलिस को जानकारी मिली है कि रांची के पुंदाग इलाके में रहने वाले एक अपराधी ने घटना को अंजाम देने के लिए रेकी करवाई थी। इससे संबंधित पुलिस को सुराग हाथ लगा है।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दो दिनों तक गहना घर में लूट के लिए रेकी की थी। इससे संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। पुलिस ने संबंधित अपराधी पर दबिश दी है, हालांकि वह फरार चल रहा है। बाकि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार गया और औरंगाबाद में जमी हुई है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस का दावा है कि किसी भी दिन पूरे मामला का खुलासा कर लिया जाएगा। बता दें कि बीते 14 अक्टूबर को गहना घर मे घुसकर पांच अपराधियों ने रोहित खिरवाल (39) और राहुल खिरवाल (35) को गोली मार दी थी। इसके बाद अपराधी दुकान से 8 अंगूठी ले भागे थे। रोहित के पेट में गोली लगी थी, जबकि राहुल के पेट और जांघ में दो गोलियां लगी थीं।