विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चेन स्नेचरों की अब खैर नहीं! रांची में हॉट स्पॉट पर जवान तैनात, CCTV से होगी अपराधियों की पहचान

Published: Thu, 24 Sep 2026 06:30 AM (IST)

रांची पुलिस ने चेन स्नेचिंग की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नई रणनीति तैयार की है। इसके तहत ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. चेन स्नेचिंग रोकने को रांची पुलिस ने बनाई नई रणनीति।

  2. हॉटस्पॉट पर सादे लिबास में पुलिसकर्मी होंगे तैनात, वाहन चेकिंग।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में लगातार सामने आ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और पूर्व में हुई घटआओं के त्वरित उद्भेदन के लिए रांची पुलिस ने कार्रवाई की रणनीति तैयार की है।

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में चेन स्नेचिंग की घटनाओं के पैटर्न, अपराधियों के संभावित रूट, एग्जिट प्वाइंट, संवेदनशील इलाकों और तकनीकी साक्ष्यों की समीक्षा की गई। पुलिस ने हाटस्पॉट चिह्नित कर नियमित गश्ती के साथ सादे लिबास में जवानों की तैनाती, संभावित मार्गों पर वाहन जांच और सीसीटीवी फुटेज के व्यवस्थित विश्लेषण का निर्देश दिया है।

पूर्व की घटनाओं के त्वरित उद्भेदन के लिए एसआईटी का गठन भी किया गया है। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली, प्रोबेशनर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक सदर समेत सभी थाना प्रभारी मौजूद थे।

हॉट स्पॉट पर सादे लिबास में जवानों की तैनाती

पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि चेन स्नेचिंग के हॉट स्पॉट और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां नियमित और प्रभावी पुलिस गश्ती की जाए। जरूरत के अनुसार, सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। बाजार, चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और महिलाओं की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिया गया है।

पूर्व में हुई चेन स्नेचिंग की घटनाओं का केसवार और स्थानवार विश्लेषण करने को कहा गया है। पुलिस घटनाओं के पैटर्न के साथ अपराधियों के संभावित आवागमन मार्ग और एग्जिट प्वाइंट को चिह्नित करेगी। इसके आधार पर संभावित रूट पर पुलिस बल की तैनाती और वाहन चेकिंग की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित स्थानों पर विशेष बल भी लगाया जाएगा।

ranchi police

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से अपराधियों की होगी पहचान

घटनास्थल और अपराधियों के संभावित मार्गों पर उपलब्ध सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की समीक्षा कर उसका व्यवस्थित विश्लेषण किया जाएगा। जहां सीसीटीवी की सुविधा नहीं है, वहां स्थानीय स्तर पर कैमरे लगाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

टेक्निकल सेल को सीसीटीवी, मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर अपराधियों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस पूर्व में चेन स्नेचिंग या समान प्रकृति के अपराधों में संलिप्त रहे अपराधियों की प्रोफाइलिंग और सत्यापन भी कर रही है। जेल से बाहर आए ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिस उनके वर्तमान ठिकाने और गतिविधियों की भी जानकारी जुटाएगी।

हर घटना पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश

एसएसपी ने चेन स्नेचिंग की प्रत्येक घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने, तेजी से अनुसंधान करने और आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने फील्ड पुलिसिंग, तकनीकी निगरानी और पूर्व अपराधियों के सत्यापन को एकीकृत कर कार्ययोजना के तहत कार्रवाई करने को कहा।

साथ ही पूर्व में दर्ज मामलों का शीघ्र उद्भेदन करते हुए संलिप्त अपराधियों और उनके नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। 

यह भी पढ़ें- JBVNL में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पांच विद्युत कार्यपालक अभियंताओं का तबादला; देखें सूची