दीपावली पर रांची पुलिस का बड़ा प्लान, जुआ अड्डों पर छापामारी से लेकर ड्रोन निगरानी तक होगी तैयारी
रांची पुलिस धनतेरस से दीपावली तक सुरक्षा के लिए अलर्ट मोड पर रहेगी, जिसमें जुआ और मटका के अवैध कारोबार ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
धनतेरस से दीपावली तक रांची पुलिस रहेगी अलर्ट मोड में।
अवैध जुआ और मटका कारोबार पर अंकुश लगाना मुख्य प्राथमिकता।
जागरण संवाददाता, रांची। दीपावली और धनतेरस को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा की विशेष तैयारी शुरू कर दी है। त्योहार के दौरान जुआ और मटका के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता होगी। इसके लिए शहर के उन इलाकों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां पूर्व में बड़े पैमाने पर जुआ खेलने और खिलाने की शिकायतें मिलती रही हैं।
एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थाना प्रभारियों से ऐसे इलाकों की सूची तैयार करने और पूर्व में हुई छापामारी का ब्योरा जुटाने का निर्देश दिया है। पुलिस की योजना है कि सभी थानों में जुआ के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की जाए।
ये टीमें गुप्त सूचनाओं के आधार पर तत्काल छापामारी करेंगी और जुआ खेलने तथा खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी। पूर्व में जुआ अड्डों पर हुए विवाद और हिंसक घटनाओं को देखते हुए पुलिस इस बार किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहती है। कई मामलों में जुए का विवाद मारपीट से लेकर हत्या तक पहुंच चुका है।
धनतेरस से दीपावली तक रात में होगी विशेष गश्ती
त्योहार के दौरान चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए रात में विशेष गश्ती की व्यवस्था की जाएगी। सुनसान इलाकों के साथ-साथ बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
बाजारों में सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा बाइक पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। पेट्रोलिंग टीमों की निगरानी के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
धनतेरस से दीपावली तक शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा। पुलिस का विशेष ध्यान उन स्थानों पर रहेगा, जहां त्योहार के दौरान लोगों की आवाजाही अधिक होती है।
किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर संबंधित टीम को तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि धनतेरस से दीपावली तक रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष टीमें गठित की जा रही हैं।
बाइक पेट्रोलिंग के साथ संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी। जुआ खेलने और खिलाने वाले स्थानों की सूची तैयार की जा रही है। दीपावली के दिन भी सूचना मिलते ही संबंधित टीम छापामारी कर कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें- दीपावली पर रांची में घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक प्लान, इन रास्तों पर गाड़ियों की नो एंट्री
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।