विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्र में चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी पुलिस, रांची के पंडालों की ड्रोन से होगी निगरानी

Published: Tue, 13 Oct 2026 08:22 AM (GMT+05:30)

रांची पुलिस ने नवरात्र और आगामी त्योहारों के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी राकेश रंजन की बैठक ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड फोटो

एआई जनरेटेड फोटो

HighLights

  1. त्योहारों के लिए रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की।

  2. पूजा पंडालों में सादे कपड़े, ड्रोन से होगी निगरानी।

  3. महिला सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान।

जागरण संवाददाता, रांची। नवरात्र के साथ पर्व त्योहारों का सिलसिला शुरू होते ही रांची पुलिस सतर्क हो गई है। दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों के दौरान शहर में शांति-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी राकेश रंजन ने महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, एएसपी, जिले के सभी डीएसपी और थानेदार शामिल हुए। एसएसपी ने अधिकारियों को अपन अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।

त्योहारों के दौरान प्रमुख पूजा पंडालों, मेलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। पंडालों के आसपास वर्दीधारी जवानों के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

इसके अलावा पूजा के दौरान ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। महिलाओं, युवतियों और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है।

छेड़खानी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

ट्रैफिक व्यवस्था पर भी रहेगी नजर

एसएसपी ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पूजा पंडालों के आसपास भीड़ बढ़ने पर जाम की स्थिति नहीं बने, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को पहले से तैयारी रखने को कहा गया है।

प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और पंडालों तक पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जरूरत के अनुसार वाहनों के परिचालन और पार्किंग व्यवस्था को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

बाहरी जवानों की भी होगी तैनाती

जिले में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए रांची पुलिस के जवानों के अलावा बाहर से अतिरिक्त बल भी तैनात किए जाएंगे। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने, नियमित निगरानी करने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के पूजा आयोजकों के संपर्क में रहने और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का समय रहते समाधान करने को कहा गया है।

एसएसपी ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान लगातार सक्रिय रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।

पुलिस का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी डर और परेशानी के पूजा अर्चना कर सकें तथा सभी पर्व त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हों।

यह भी पढ़ें- कभी पाई-पाई को थीं मोहताज, आज थैला फैक्ट्री से 5 लाख की कमाई, खगड़िया की कृष्णा ने 18 लोगों को दिया रोजगार