रांची में जन्माष्टमी पर बदलेगा ट्रैफिक प्लान, 4-5 सितंबर को इन रास्तों पर वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
रांची पुलिस ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समेत आगामी त्योहारों के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी है। 4 और ...और पढ़ें

रांची में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव। जागरण
HighLights
पुलिस ने त्योहारों के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बढ़ाई।
4-5 सितंबर को रांची में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित।
जागरण संवाददाता, रांची। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समेत आने वाले त्योहारों को देखते हुए रांची पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस गश्ती को मजबूत किया जा रहा है।
इसी क्रम में रांची एसएसपी राकेश रंजन ने सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी के साथ साथ टाइगर मोबाइल के जवानों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में थाना प्रभारी, डीएसपी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने टाइगर मोबाइल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए त्योहारों के दौरान संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने जवानों से उनके क्षेत्र की स्थिति, गश्ती के दौरान आने वाली समस्याओं और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों में टाइगर मोबाइल की सक्रियता बढ़ाई जाए। बाइक से गश्त करने वाली टाइगर मोबाइल ऐसे इलाकों तक भी आसानी से पहुंच सकती है, जहां पीसीआर वाहन पहुंचने में परेशानी होती है।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर यातायात व्यवस्था में बदलाव
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर चार और पांच सितंबर को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। चार सितंबर को झांकी तथा पांच सितंबर को भजन संध्या सह दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित होगी।
अटल एक्का चौक, महात्मा गांधी मार्ग सहित रतन पीपी, उल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी कटिंग, काली मंदिर चौक, सर्जना चौक, सदर अस्पताल गेट, मिशन चौक, प्लाजा चौक, सेंटेविटा अस्पताल कटिंग और फिरायालाल चौक के आसपास झांकी के कारण वाहनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
चार और पांच सितंबर को सुबह छह बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश शहर में वर्जित रहेगा। ऐसे वाहन रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके अलावा पूर्व निर्धारित नो इंट्री व्यवस्था लागू रहेगी।
इन मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रभावित
फिरायालाल चौक से सुजाता चौक, प्लाजा चौक से फिरायालाल चौक, जेल चौक से फिरायालाल चौक, मिशन चौक से सर्जना चौक तथा रतन पीपी से फिरायालाल चौक की ओर छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, आटो, टोटो और सवारी वाहनों का परिचालन निर्धारित समय में प्रभावित रहेगा।
कर्बला चौक से काली मंदिर और उल हाउस की ओर आने वाले मार्ग पर भी चार और पांच सितंबर को दोपहर तीन बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। आवश्यकतानुसार अन्य मार्गों पर भी कम समय के लिए रूट डायवर्ट या वाहनों को रोका जा सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि कार्यक्रमों के दौरान विशेष परिस्थिति में ही चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें। पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून व्यवस्था को बनाए रखना है।
अड्डेबाजी और नशे के कारोबार पर नजर
टाइगर मोबाइल के जवानों को अपने-अपने क्षेत्र में अनावश्यक अड्डेबाजी और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। अवैध नशे के कारोबार, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए।
रात में संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तत्काल रोककर पूछताछ करने और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित थाना या वरीय पुलिस अधिकारी को सूचना देने को कहा गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।