पीएलएफआई एरिया कमांडर अखिलेश गोप को रांची पुलिस ने दबोचा Ranchi News
जानकारी के मुताबिक उसे नगड़ी थाना क्षेत्र गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ ही कुछ ग्रामीणों को भी हिरासत में लिया गया है।
रांची, जेएनएन। राजधानी रांची के तुपुदाना इलाके में कंस्ट्रक्शन कंपनी के गाड़ियों को जलाने और फायरिंग के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पीएलएफआई के एक एरिया कमांडर अखिलेश गोप को इस मामले में गिरफ्तार किया है। वह कई अन्य मामलों का आरोपित है। जानकारी के मुताबिक उसे नगड़ी थाना क्षेत्र गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ ही कुछ ग्रामीणों को भी हिरासत में लिया गया है। इन लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। इधर पीएलएफआई के सुप्रीमो दिनेश गोप ने एक पत्र जारी कर पुलिस को अपने सहयोगी अखिलेश गोप की गिरफ्तारी का खुलासा करने की चेतावनी दी है। हालांकि पुलिस मामले की पुष्टि नहीं कर रही है।
शहर में रहा है अखिलेश गोप का आतंक
अखिलेश गोप का शहर में आतंक रहा है। नक्सली संगठन पीएलएफआई में एरिया कमांडर है। वह सुप्रीमो दिनेश गोप का काफी करीबी माना जाता है। लेवी वसूलने के लिए अखिलेश के द्वारा राजधानी रांची के आसपास कई आगजनी की वारदातों को अंजाम दिया गया था।
बेस कैंप पर किया था हमला, एक मजदूर को लगी थी गोली
बीते 3 नवंबर को रांची-खूंटी सीमा पर पीएलएफआई उग्रवादियों एलएनटी कंस्ट्रक्शन कंपनी की बेस कैंप पर हमला किया था। लबेस कैंप पर आगजनी करते हुए अंधाधुंध फायरिंग की। इससे एक मजदूर घायल हो गया। जिसे पुलिस ने रिम्स में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है लेवी के लिए एरिया कमांडर अखिलेश गोप के दस्ते ने इस घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर सर्च अभियान भी चलाया। लेकिन उग्रवादी मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
जानकारी के अनुसार तुपुदाना ओपी क्षेत्र के बंडा गांव के समीप एलएनटी कंपनी की ओर से बिजली की हाईटेंशन तार की टावर लगाने का काम चल रहा है। जिसे एक पेटी कांट्रैक्टर को दिया गया है। बेस कैंप बनाकर मजदूर उसमें रहकर काम करते हैं। कैंप में ट्रैक्टर, हाइड्रा, मिक्सर मशीन सहित अन्य उपकरण रखे हैं। जहां सोमवार की शाम करीब सात बजे अचानक दो बाइक पर सवार पांच पीएलएफआई उग्रवादी वहां पहुंचे और मजदूरों से गोली-गलौज करने लगे। मजदूरों से कहा कि तुम्हारा मालिक बिना लेवी दिए ही काम कर रहा है। इसके बाद उनकी कैंप के तंबू को तोड़ डाला। वहां खड़ी एक ट्रैक्टर को फूंक दिया।