रांची की सड़कों को मिलेगा नया लुक! पेड़ों की छंटाई के लिए उतरी स्काईलिफ्टर मशीन; अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
रांची नगर निगम ने मोरहाबादी से कांके रोड तक पेड़ों की छंटाई के लिए नई स्काईलिफ्टर मशीन का उपयोग शुरू ...और पढ़ें

रांची नगर निगम की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
रांची नगर निगम ने स्काईलिफ्टर से पेड़ों की छंटाई शुरू की।
मोरहाबादी, भारत माता चौक, प्रेमसंस और कांके रोड पर हुई छंटाई।
सूखी और सड़क पर बाधा बनने वाली शाखाओं को हटाने पर जोर।
जागरण संवाददाता, रांची। शहर की सड़कों के किनारे पेड़ों की बेतरतीब बढ़ी शाखाओं को व्यवस्थित करने और हरित आवरण के बेहतर रखरखाव के लिए रांची नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। निगम ने नई स्काईलिफ्टर मशीन की मदद से पेड़ों की छंटाई शुरू कराई है। साथ ही, उद्यानिकी कार्यों की निगरानी के लिए गार्डन अधीक्षकों के बीच वार्डवार जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं।
शनिवार को मोरहाबादी फुटबाल ग्राउंड के समीप, भारत माता चौक, प्रेमसंस के पास और कांके रोड पर पेड़ों की शाखाओं की छंटाई की गई। स्काईलिफ्टर की मदद से ऊंचाई पर स्थित शाखाओं तक पहुंचकर छंटाई की जा रही है। निगम का जोर सूखी, अनावश्यक और आवागमन में बाधा बनने वाली शाखाओं को आवश्यकतानुसार हटाने पर है, ताकि पेड़ों की प्राकृतिक संरचना बनी रहे और सड़कों के किनारे हरियाली व्यवस्थित दिखे।
वार्डों में तय हुई जवाबदेही
उद्यानिकी कार्यों की नियमित निगरानी के लिए गार्डन अधीक्षकों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गार्डन अधीक्षक अनुज को बड़ा तालाब और पिस्का क्षेत्र, नितिका को धुर्वा क्षेत्र तथा निवेदिता को कांके और डोरंडा क्षेत्र का दायित्व दिया गया है। इनके जिम्मे संबंधित वार्डों में पेड़ों के रखरखाव, उद्यानों की देखरेख और हरित क्षेत्रों के विकास से जुड़े कार्यों की निगरानी होगी।
