शपथ से पहले ही एक्शन में रांची मेयर रोशनी खलखो, चुनवा टोली पहुंच रोकी अतिक्रमण की कार्रवाई
रांची की नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलखो शपथ ग्रहण से पहले ही सक्रिय दिख रही हैं। उन्होंने कांटाटोली में अतिक्रमण हटाने ...और पढ़ें

खादगढ़ा बस स्टैंड के पास चुनवा टोली में निरीक्षण करती मेयर। (जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी की नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलखो शपथ ग्रहण से पहले ही जनता के बीच सक्रिय नजर आ रही हैं।
लोगों की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना और कार्रवाई करना उनके कामकाज की शैली को दर्शाता है।
अगर यही रफ्तार बनी रही तो नगर निगम में शपथ के बाद शहर का माहौल काफी बदला हुआ नजर आ सकता है। शनिवार सुबह नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलखो अचानक कांटाटोली के चुनवा टोली पहुंच गईं।
चुनवा टोली खादगढ़ा बस स्टैंड के पास नगर निगम की जमीन है, जहां करीब 40 परिवार कई वर्षों से रह रहे हैं। इसी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम पहुंची थी। टीम को देखते ही वहां रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद स्थानीय वार्ड 13 के नवनिर्वाचित पार्षद पवन तिर्की को सूचना दी गई।
पार्षद ने इसकी जानकारी मेयर रोशनी खलखो को दी। सूचना मिलते ही मेयर मौके पर पहुंचीं और निगम की इंफोर्समेंट टीम पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जमीन भले ही नगर निगम की हो, लेकिन यहां लोग कई वर्षों से रह रहे हैं।
ऐसे में बिना पूर्व सूचना दिए उन्हें हटाना उचित नहीं है। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पहले यहां रहने वाले सभी परिवारों की सूची तैयार की जाए। इसके बाद उन्हें रातू रोड स्थित खादगढ़ा में बने सरकारी आवासों में स्थानांतरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि खादगढ़ा के पास बने कई सरकारी आवास खाली पड़े हैं और कुछ जगहों पर अवैध रूप से लोग रह रहे हैं। ऐसे में पहले लोगों को बसाया जाएगा, उसके बाद ही हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

मौके पर पहुंची रोशनी खलखो।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने हमें चुनकर जिम्मेदारी दी है, उनकी परेशानी को समझना हमारी जिम्मेदारी है। लोगों को हटाने से पहले उन्हें बसाना मेरी पहली प्राथमिकता है। नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए मैं प्रतिबद्ध हूं।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम भविष्य में किसी भी कार्रवाई से पहले संबंधित क्षेत्र के वार्ड पार्षद को सूचना दे।
आयुष्मान आरोग्य केंद्र में छह माह से डॉक्टर नहीं
नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलखो ने खादगढ़ा बस स्टैंड परिसर में बने आयुष्मान आरोग्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां पता चला कि केंद्र के डॉक्टर छह महीने पहले ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
वहीं, एक अन्य डॉक्टर की तैनाती है, लेकिन एक आरोग्य के डॉक्टर होली को लेकर छुट्टी पर गए हुए हैं। जब मेयर ने पूछा कि ऐसे में मरीजों को कौन देखता है, तो वहां मौजूद नर्सों ने बताया कि फिलहाल वही लोग काम संभाल रहे हैं।
यह सुनकर मेयर नाराज हो गईं और कहा कि इस तरह से स्वास्थ्य सेवाएं कैसे चल सकती हैं। उन्होंने संबंधित डॉक्टर का नाम नोट कराने को कहा और इस मामले में कार्रवाई करने की बात कही।
रैन बसेरा की बदहाल स्थिति पर जताई नाराजगी
खादगढ़ा में बने रैन बसेरा का भी मेयर ने निरीक्षण किया। वहां की बदहाल स्थिति देखकर वह संचालक पर भड़क गईं। रैन बसेरा में बिस्तर जमीन पर फेंके हुए थे और कई जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ था।
मेयर ने संचालक से पूछा कि जब यह स्थान बेघर लोगों और यात्रियों के ठहरने के लिए बनाया गया है, तो इसकी हालत इतनी खराब क्यों है।
उन्होंने कहा कि अगर सही तरीके से संचालन नहीं हो सकता है तो किसी और को जिम्मेदारी दी जाएगी। रोशनी खलखो ने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनता ने हम पर भरोसा कर हमें जिम्मेदारी दी है और उनकी समस्याओं का समाधान करना हमारी पहली प्राथमिकता होगी।
