रांची-लोहरदगा रेल सेवा बहाल, यात्रियों को मिली बड़ी राहत, जल्द दौड़ेगी आनंद-विहार पुरुलिया एक्सप्रेस
रांची-लोहरदगा रेलखंड पर कोयल नदी पुल की मरम्मत के बाद रेल सेवाएं पूरी तरह बहाल हो गई हैं। अब ट्रेनें ...और पढ़ें

लोहरदगा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म का निरीक्षण करते डीआरएम। (जागरण)
HighLights
रेल सेवाएं रांची-लोहरदगा रेलखंड पर पूरी तरह बहाल।
कोयल नदी पुल मरम्मत के बाद ट्रेनें सीधी चलेंगी।
आनंद विहार-पुरुलिया नई ट्रेन 2 अप्रैल से शुरू।
जागरण संवाददाता, रांची/लोहरदगा। रांची-लोहरदगा रेलखंड पर शनिवार से रेल सेवाएं पूरी तरह बहाल हो गईं। कोयल नदी पर स्थित रेलवे ब्रिज के पिलर संख्या चार और छह के बीच स्टील गर्डर स्थापित किए जाने के बाद इस सेक्शन पर ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया है।
इसके साथ ही अब यात्रियों को इरगांव स्टेशन पर उतरकर आगे की यात्रा करने की मजबूरी नहीं रही। ट्रेनें सीधे लोहरदगा और टोरी स्टेशन तक संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
रेल सेवा बहाल होने के बाद रांची-लोहरदगा मेमू के अलावा अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों का भी परिचालन शुरू कर दिया गया है। इस दौरान रांची रेल मंडल के डीआरएम केएन सिंह ने लोहरदगा-रांची-टोरी रेल लाइन का निरीक्षण किया।
उन्होंने लोहरदगा रेलवे स्टेशन और कोयल नदी पर बने पुल के मरम्मत कार्यों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तकनीकी अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
रेललाइन दोहरीकरण का काम जारी
डीआरएम ने बताया कि वर्तमान में रांची से टोरी तक रेलवे लाइन के दोहरीकरण की दिशा में काम चल रहा है। इसके लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है और फिलहाल सर्वे का कार्य जारी है।
डीपीआर तैयार होने के बाद इसे मुख्यालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां इस पर आगे निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाइन के दोहरीकरण से इस रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी और यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।
पुरुलिया के लिए नई ट्रेन शुरू
इसी क्रम में दो अप्रैल से आनंद विहार टर्मिनल से पुरुलिया के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है, जो इसी रेलखंड से होकर गुजरेगी।
ट्रेन संख्या 14022 हर गुरुवार सुबह पांच बजे आनंद विहार से प्रस्थान कर अगले दिन शुक्रवार को सुबह 10:40 बजे पुरुलिया पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 14021 पुरुलिया से शुक्रवार शाम 5:00 बजे चलकर शनिवार रात 11:10 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। इस नई सेवा से क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
अधिकारियों को दिया निर्देश
लोहरदगा स्टेशन निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने प्लेटफार्म संख्या दो का विशेष रूप से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
नए पुल के निर्माण को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल इसकी जरूरत नहीं है। वर्तमान पुल को ही अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाया जा रहा है। क्षतिग्रस्त पिलर संख्या पांच का पुनर्निर्माण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।
गौरतलब है कि चार जनवरी 2026 को रेलवे ब्रिज संख्या 115 के दो पिलरों में दरार आने के कारण इस रेलखंड पर लोहरदगा तक ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया था।
इसके बाद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा था। अब 26.8 मीटर लंबे स्टील गर्डर की स्थापना के बाद पुल को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है और रेल सेवा पुनः सामान्य कर दी गई है। इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिला है।
