Ranchi Coronavirus News Update: रांची में आज 41 कोरोना पॉजिटिव, 3 थाना प्रभारी, SSP गार्ड संक्रमित, रिम्स में कोरोना से 5 मौत
Ranchi Jharkhand Coronavirus News Update रांची में पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर कोरोना वायरस संक्रमण का फैलाव हुआ है। कई पुलिसकर्मी संक्रमित हो गए हैं।
रांची, जासं। Ranchi, Jharkhand Coronavirus News Update झारखंड में कोरोना वायरस का संक्रमण जारी है। राजधानी रांची में हिंदपीढ़ी इलाके के बाद कई इलाकों तक संक्रमण फैल गया है। पुलिस महकमा भी कोरोना वायरस से खासा प्रभावित हुआ है। आज राजधानी में 41 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। जबकि रिम्स में भर्ती 5 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई।
गुरुवार को रांची के तीन थाना प्रभारी और एसएसपी के बॉडीगार्ड कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है। कोरोना संक्रमित मिले थाना प्रभारियों में लालपुर, सदर और गोंदा थाना प्रभारी शामिल हैं। सभी को कोविड अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है। इधर रांची के रिम्स में गुरुवार को 5 कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। ये सभी कोरोना मरीज दूसरी गंभीर बीमारियों से ग्रसित बताए जा रहे हैं। इस तरह राज्य में कुल कोरोना मौतों का आंकड़ा 47 पर पहुंच गया है।
दैनिक जागरण संवाददाता शक्ति सिंह ने बताया कि शुक्रवार को रांची के रिम्स में कुल 1361 सैंपल की जांच हुई। इनमें 1288 निगेटिव मिले हैं। यहां आज 66 कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। इनमें रिम्स में 9, कोडरमा में 18 गढ़वा में 28, चतरा में 2, लोहरदगा में 3 और पलामू में 6 नए मामले सामने आए हैं।
बिहार की सीमा पर झारखंड सरकार की नजर - हेमंत सोरेन
झारखंड सरकार ने बिहार के सीमावर्ती इलाकों में मिल रहे कोरोना संक्रमण के अधिक मामलों पर चिंता जताई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि इसपर नजर है। बिहार में संपूर्ण लॉकडाउन के बावजूद सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों में बिहार की ट्रैवल हिस्ट्री है। राज्य सरकार इसकी समीक्षा कर रही है। बिहार की सीमा से जुड़े झारखंड के इलाकों में पॉजीटिव केस ज्यादा मिल रहे हैं।
सीमावर्ती इलाकों में कोरोना पॉजीटिव केस अधिक, सरकार कर रही समीक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रमित व्यक्ति के इलाज में डॉक्टर से ज्यादा नर्सिंग और देखभाल की भूमिका है। गृह मंत्रालय ने कोरोना के पॉजीटिव मरीजों को घर पर रहकर इलाज कराने की अनुमति दी है। झारखंड सरकार जल्द कंट्रोल रूम शुरू करेगी। यहां विशेषज्ञों की टीम मौजूद रहेगी जो कॉल करने वाले लोगों को गाइड करेगी। सलाह लेने वाले लोगों को बताया जाएगा कि क्या-क्या एहतियात बरतना और कौन-कौन सी दवाएं लेनी हैं। इलाज तक में मदद कंट्रोल रूम से मुहैया कराई जाएगी।
प्रखंडों में भी कोरोना की जांच
राज्य सरकार राज्य प्रखंडों में भी कोरोना की जांच शुरू कराएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सभी प्रखंडों में कोरोना की जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कोरोना पॉजीटिव केस बढ़ने से लोगों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। सरकार ने जांच का दायरे पहले की तुलना में काफी बढ़ा दिया है। यही वजह है कि केस अधिक मिल रहे हैं। सरकार को कोरोना संक्रमण के ट्रेंड का भीपता चल रहा है और पूरा डाटाबेस तैयार किया जा रहा है। इससे आगे कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के लिए बेहतर प्रबंधन हो सकेगा।