विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ranchi News: जेपीएससी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज से राज्यपाल नाराज, आयोग के अध्यक्ष को किया तलब

By Madhukar KumarEdited By:
Published: Wed, 24 Nov 2021 03:48 PM (IST)

Ranchi News राज्यपाल रमेश बैस ने जेपीएससी की सातवीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में गड़बड़ी के लग रहे आरोप तथा इसे लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के मामले में संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में गड़बड़ी के लग रहे आरोपों की जानकारी ली।

जेपीएससी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज से नाराज राज्यपाल ने आयोग के अध्यक्ष को किया तलब
जेपीएससी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज से नाराज राज्यपाल ने आयोग के अध्यक्ष को किया तलब

रांची, राब्यू। राज्यपाल रमेश बैस ने जेपीएससी की सातवीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में गड़बड़ी के लग रहे आरोप तथा इसे लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के मामले में संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में गड़बड़ी के लग रहे आरोपों के मामले में आयोग के अध्यक्ष अमिताभ चौधरी को बुधवार को राजभवन बुलाकर पूरी जानकारी ली। उन्होंने अध्यक्ष से पूछा कि अभ्यर्थी किस आधार पर परीक्षा के परिणाम का विरोध कर रहे हैं। राज्यपाल ने जेपीएससी के अध्यक्ष के साथ-साथ रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा को भी असफल अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के मामले में राजभवन बुलाया।

राज्यपाल ने उनसे पूछा कि किस हालात में मंगलवार को शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा लाठियां भांजी गईं। राज्यपाल से मिलकर राजभवन से लौट रहे अमिताभ चौधरी ने मीडिया से बात करने से इन्कार कर दिया। उन्होंने इतना ही कहा कि प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम पर गुरुवार को सारी बातें स्पष्ट कर दी जाएंगी। बता दें कि सातवीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के विरोध कर रहे असफल अभ्यर्थी परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी तथा कट ऑफ मार्क्स जारी नहीं किए जाने के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि कम अंक वाले अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण हो गए हैं, जबकि अधिक अंक वालों को असफल घोषित कर दिया गया है। अभ्यर्थी तीन केंद्रों पर सीरियल क्रमांक से कई अभ्यर्थियों के सफल होने को भी भारी गड़बड़ी बता रहे हैं। आयोग इसे महज संयोग बता रहा है।

जेपीएससी कल जारी कर सकता है कट ऑफ मार्क्स - झारखंड लोक सेवा आयोग गुरुवार को सातवीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम का कट ऑफ मार्क्स जारी कर सकता है। साथ ही परीक्षा परिणाम में लग रहे गड़बड़ी के आरोप को लेकर पहली बार अधिकृत रूप से अपना पक्ष रख सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।