मोरहाबादी वेंडिंग जोन के 80 दुकानदारों को नोटिस, 48 घंटे में मांगा गया जवाब
रांची नगर निगम ने मोरहाबादी वेंडिंग जोन-2 में नियमों के उल्लंघन पर 80 वेंडरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
HighLights
80 मोरहाबादी वेंडरों को रांची निगम का नोटिस।
नियम उल्लंघन पर 48 घंटे में देना होगा जवाब।
दुकान आवंटन रद्द, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, रांची। मोरहाबादी वेंडिंग जोन-2 में नियमों के उल्लंघन पर रांची नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। 13 जुलाई को हुई जांच के आधार पर शुक्रवार को 80 वेंडरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
सभी वेंडरों को 48 घंटे के भीतर शपथ-पत्र के साथ अपना पक्ष निगम के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या आरोप सही पाए जाने पर दुकान का आवंटन रद करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कई लाभुकों ने आवंटित दुकानें दूसरे लोगों को किराये पर दे दी हैं। कुछ वेंडरों ने दुकान मिलने के बावजूद अब तक व्यवसाय शुरू नहीं किया है।
वहीं, कुछ दुकानदार निगम के तय नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। जांच में कुछ दुकानों में नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायत की पुष्टि भी हुई।
इसके अलावा कुछ लाभुकों को वेंडिंग जोन में दुकान आवंटित होने के बावजूद वे सड़क किनारे अवैध रूप से व्यवसाय करते मिले।
नगर निगम ने सभी संबंधित वेंडरों को 48 घंटे के भीतर शपथ-पत्र के साथ स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित वेंडरों के विरुद्ध नगर निगम अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसमें दुकान का आवंटन निरस्त करने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी शामिल होगी।