विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तारों के जाल हटाने में रांची में इंटरनेट सेवा बाधित होने पर हाई कोर्ट सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार

Published: Thu, 10 Sep 2026 07:00 PM (IST)

रांची हाई कोर्ट ने शहर में तारों के जाल हटाने की कार्रवाई के दौरान इंटरनेट सेवा बाधित होने पर अधिकारियों ...और पढ़ें

निर्देश के बाद दो घंटे में हाई कोर्ट की इंटरनेट सेवा बहाल।

निर्देश के बाद दो घंटे में हाई कोर्ट की इंटरनेट सेवा बहाल।

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने इंटरनेट सेवा बाधित होने पर अधिकारियों को फटकारा।

  2. कोर्ट के निर्देश पर हाई कोर्ट की इंटरनेट सेवा बहाल हुई।

  3. कंपनियों ने रांची में एक सप्ताह में सेवा बहाली का वादा किया।

राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की अदालत में शहर में केबल एवं इंटरनेट के तारों के अव्यवस्थित तरीके से लगाए जाने के मामले में स्वत: संज्ञान से दर्ज जनहित याचिका पर गुरुवार को सुनवाई हुई।

सुनवाई के दौरान अदालत ने इंटरनेट सेवा बाधित होने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। अदालत ने कहा कि बिजली के खंभों पर तारों के जाल से निजात दिलाने का निर्देश दिया गया था, इंटरनेट सेवा ही बंद करने का नहीं। बिना सोचे समझे कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।

अदालत ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हाई कोर्ट की इंटरनेट सेवा दो घंटे के अंदर बहाल कर इसकी जानकारी कोर्ट को दी जाए। आदेश के बाद दूसरे पाली में हुई सुनवाई में इंटरनेट सेवा पूरी तरह बहाल किए जाने की जानकारी अदालत को दी गई।

सुनवाई के दौरान विभिन्न इंटरनेट एवं केबल कंपनियों के अधिकारी भी अदालत में उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि हाई कोर्ट की इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है और रांची शहर के अन्य क्षेत्रों में भी सेवा शीघ्र बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों और अस्पतालों में दो दिन के भीतर इंटरनेट सेवा बहाल करने का समय लिया गया। वहीं, केबल कंपनियों ने पूरे शहर में इंटरनेट सेवा को व्यवस्थित करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा।

अदालत ने कंपनियों को समय देते हुए 15 सितंबर तक पूरे शहर में इंटरनेट सेवा बहाल कर इसकी रिपोर्ट कोर्ट में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 16 सितंबर को होगी।

बिजली विभाग के सीएमडी को फटकार

अदालत के आदेश के आलोक में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के सीएमडी कोर्ट में उपस्थित हुए। उन्हें भी अदालत की नाराजगी का सामना करना पड़ा।

अदालत ने कहा कि बिजली के खंभों पर बने तारों के जाल को हटाने और व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया था। इसका मतलब यह नहीं था कि कार्रवाई के दौरान इंटरनेट सेवा ही ध्वस्त कर दी जाए। अदालत ने अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने की हिदायत दी।

ऊर्जा सचिव करेंगे समन्वय बैठक

अदालत ने झारखंड के ऊर्जा सचिव को राज्य की सभी केबल कंपनियों और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक करने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि सभी विभाग और कंपनियां आपसी समन्वय से काम करें, ताकि केबल और इंटरनेट सेवाओं को व्यवस्थित करने के साथ-साथ शहर में इंटरनेट सेवा भी सुचारु रूप से चलती रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।