रांची को 8 नमो जीवन रक्षक बाइक एंबुलेंस की सौगात, संकरी गलियों में भी जल्द पहुंचेगा इलाज
रांची को आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए आठ 'नमो जीवन रक्षक रक्षित' बाइक एंबुलेंस की सौगात मिली है।

रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने किया लोकार्पण। (सोशल मीडिया)
HighLights
रांची को मिली आठ 'नमो जीवन रक्षक' बाइक एंबुलेंस।
संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में त्वरित सहायता।
डीआरडीओ की स्वदेशी तकनीक से लैस, प्राथमिक उपचार सुविधा।
जागरण संवाददाता, रांची। आपात स्थिति में मरीजों तक जल्द चिकित्सा सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से पहली बार रांची को आठ ‘नमो जीवन रक्षक रक्षित’ बाइक एंबुलेंस की सौगात मिली है।
रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने शनिवार को सदर अस्पताल परिसर में इन बाइक एंबुलेंस का लोकार्पण किया।
इनमें से सात सदर अस्पताल और एक सेवा सदन अस्पताल को उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि, आम लोगों के लिए इनकी सेवा तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू होगी।
इन बाइक एंबुलेंस को खास तौर पर ऐसे इलाकों में त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाने के लिए तैयार किया गया है, जहां संकरी गलियों, भीड़भाड़ और दुर्गम रास्तों के कारण पारंपरिक एंबुलेंस को पहुंचने में परेशानी होती है। इनमें मरीज की निगरानी और प्राथमिक उपचार के लिए कई चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
आपात स्थिति में समय पर मदद जरूरी : संजय सेठ
लोकार्पण समारोह में संजय सेठ ने कहा कि आपातकाल में समय पर मिलने वाली चिकित्सा सहायता जीवन बचाने में निर्णायक होती है।

रांची की संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और दूरदराज के क्षेत्रों में मरीजों तक जल्द मदद पहुंचाने के उद्देश्य से ये बाइक एंबुलेंस समर्पित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि इनकी तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आम लोगों को सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। उद्देश्य यह है कि जरूरत के समय किसी भी नागरिक को चिकित्सा सहायता मिलने में अनावश्यक देरी न हो।
डीआरडीओ की स्वदेशी तकनीक से तैयार
आयोजकों के अनुसार, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की विकसित और पेटेंट प्राप्त स्वदेशी तकनीक से लैस ‘रक्षित’ बाइक एंबुलेंस को उन स्थानों तक पहुंचने के लिए तैयार किया गया है, जहां सामान्य एंबुलेंस की पहुंच कठिन होती है।
इसकी विशेष ‘पेशेंट-आन-बाइक’ व्यवस्था के जरिए आपात स्थिति में मरीज को बाइक पर सुरक्षित ले जाने में मदद मिलेगी। बाइक एंबुलेंस में मल्टी-पैरामीटर पेशेंट मानिटर की सुविधा है, जिससे मरीज के रक्त में आक्सीजन का स्तर, हृदय गति, तापमान और ईसीजी की निगरानी की जा सकती है।
इसके अलावा ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार किट, चोटिल अंगों को स्थिर रखने के लिए एयर स्प्लिंट और चिकित्सकीय निर्देश पर आइवी फ्लूइड देने की सुविधा भी दी गई है। इन उपकरणों के माध्यम से मरीज की स्थिति पर नजर रखने और अस्पताल पहुंचने से पहले आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
ये रहे उपस्थित
लोकार्पण के दौरान रांची की महापौर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार, सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र कुमार और पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू उपस्थित रहे।
इनके अलावा व्यवसायी पुनीत पोद्दार, न्यूरो चिकित्सक डॉ. संजय कुमार, पंकज पोद्दार, अरुण छावरछरिया, मीनू मोदी, योगेश गंभीर, ऐश्वर्य सेठ, जवाहर तनेजा, कुणाल अजमानी और प्रशांत अरोड़ा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
आपातकालीन सेवाओं में मिलेगा लाभ
- संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मरीज तक जल्दी पहुंचने में मदद।
- आक्सीजन और प्राथमिक उपचार की सुविधा।
- मरीज के महत्वपूर्ण शारीरिक संकेतों की निगरानी।
- चोटिल अंगों को स्थिर रखने के लिए एयर स्प्लिंट।
- जरूरत के अनुसार मरीज को अस्पताल पहुंचाने में सहायता।
यह भी पढ़ें- रांची-मुरी फोरलेन पर JCB से काट डाला डिवाइडर, नर्सिंग कॉलेज के खिलाफ होगा एक्शन
