रांची-मुरी फोरलेन पर JCB से काट डाला डिवाइडर, नर्सिंग कॉलेज के खिलाफ होगा एक्शन
रूपसोना नर्सिंग कॉलेज ने रांची-मुरी फोरलेन पर अवैध रूप से डिवाइडर काटकर रास्ता बनाया है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

HighLights
रूपसोना कॉलेज ने रांची-मुरी फोरलेन पर अवैध कट बनाया।
अवैध कट से दुर्घटना की आशंका बढ़ी, सुरक्षा पर सवाल।
पथ निर्माण विभाग ने कॉलेज पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, अनगड़ा। रांची-मुरी फोरलेन मार्ग को हेसल के पास रूपसोना नर्सिंग कॉलेज के द्वारा डिवाइडर को काटकर अवैध कट (वन-वे से टू-वे में जाने का रास्ता) रास्ता बना दिया गया। रात के अंधेरे में आनन-फानन में जेसीबी मशीन लगाकर डिवाइडर को काटा गया।
अवैध कट होने से इस जगह पर दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है। चूंकि पहले से यहां पर कोई सर्विस रोड नही है, जिससे इस जगह पर काफी तेज गति से वाहनों का आवागमन होती है।
कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकता है, जबकि ट्रैफिक रूल के अनुसार फोरलेन रोड में डिवाइडर में कट छोड़ने या काटने का अधिकार केवल पथ निर्माण विभाग को है।
विभाग की अनुमति के बगैर तोड़ा या बनाया गया हर कट अवैध होता है। रूपसोना नर्सिंग कॉलेज के द्वारा अवैध रूप से कट काटा गया है।
बताया जाता है कि वन-वे होने के कारण पिछले एक साल से कॉलेज आने-जाने में संस्थान के कर्मचारी व प्रशिक्षु छात्रों को काफी परेशानी हो रही थी। इसके अलावा इस मार्ग में अनेक जगहों पर भी अवैध कट बना दिया गया है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
आंदोलन की चेतावनी
इस मामले में जिला परिषद सदस्य अनगड़ा राजेन्द्र शाही मुंडा ने बताया कि फोरलेन रोड में डिवाइडर को काटकर अवैध कट बनाना कानूनन अपराध है। विभाग ने रूपसोना अस्पताल के खिलाफ एक्शन नहीं लिया तो माना जाएगा अवैध कट बनाने में विभाग की मौन स्वीकृति है।
पथ निर्माण विभागीय के खिलाफ हल्ला बोला जाएगा, और उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसपर अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार ने बताया कि इस मामले की कोई जानकारी मुझे नही है।
पथ निर्माण विभाग(ग्रामीण) के कनीय अभियंता राजेश महतो ने बताया कि विभाग की ओर से डिवाइडर काटकर कट बनाने की कोई अनुमति नही दिया गया है।
अवैध रूप से डिवाइडर काटकर कट बनाया गया है। रूपसोना नर्सिंग कॉलेज के खिलाफ कारवाई की जाएगी। इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है।
यह भी पढ़ें- डॉक्टर को दिखाना हुआ आसान! रांची सदर अस्पताल में आभा ऐप से घर बैठे मिलेगा ओपीडी टोकन
