विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोकर और बूटी मोड़ की मिठाई दुकानों में जांच, दो पर 20 हजार जुर्माना; एक्सपायरी दूध-खोवा व मिलावटी पनीर बरामद

Published: Thu, 05 Nov 2026 07:45 AM (IST)

दीपावली और छठ से पहले रांची में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों पर छापेमारी की। कोकर, बूटी मोड़ और ...और पढ़ें

प्रतिबंधित रंग और बिना लेबल रखी थीं मिठाइयां, खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने संग्रहित किए।

प्रतिबंधित रंग और बिना लेबल रखी थीं मिठाइयां, खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने संग्रहित किए।

HighLights

  1. रांची में दीपावली-छठ से पहले मिठाई दुकानों की जांच।

  2. गंदगी, एक्सपायरी सामान मिलने पर ₹20,000 जुर्माना।

  3. खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान मिलावट रोकने हेतु जारी।

जागरण संवाददाता, रांची। दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को कोकर और बूटी मोड़ स्थित मिठाई दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई।

टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन और परिसर में गंदगी पाए जाने पर दो प्रतिष्ठानों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डा. पवन कुमार के नेतृत्व में चलाया गया।

टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नम्रता महतो, मनीषा, रवि हांसदा और सहायक सजल श्रीवास्तव शामिल थे। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया कि नमूनों की जांच में मिलावट या अन्य अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, त्योहारों के दौरान मिलावट पर रोक लगाने और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।

एक्सपायरी दूध-खोवा और मिलावटी पनीर बरामद

दीपावली और छठ पूजा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तुपुदाना चौक के समीप स्थित बजरंग स्वीट्स में छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान से एक्सपायरी दूध और खोवा, मिलावटी पनीर तथा खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल के लिए प्रतिबंधित रंग बरामद किए गए।

टीम को दुकान में सनपापड़ी, दूध पेड़ा सहित अन्य मिठाइयां भी बिना लेबल और निर्माण तिथि के उल्लेख के रखी मिलीं। जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की टीम ने प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव की जांच की।

इस दौरान एक्सपायरी सामग्री और प्रतिबंधित रंग मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से शहर में जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।