विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कहीं टपक रही छत तो कहीं शौचालय तक नहीं... जर्जर भवनों में चल रहा रांची में बिजली विभाग का कामकाज

Published: Tue, 14 Jul 2026 06:00 AM (IST)

रांची में बिजली विभाग के कई कार्यालय और सबस्टेशन जर्जर हालत में हैं, जहां छतें टपक रही हैं और शौचालय ...और पढ़ें

रांची में बिजली विभाग के कार्यालय जर्जर हालत में। जागरण

रांची में बिजली विभाग के कार्यालय जर्जर हालत में। जागरण

HighLights

  1. रांची में बिजली विभाग के कार्यालय जर्जर हालत में।

  2. छतों से पानी टपकना, शौचालय क्षतिग्रस्त होना आम।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में बिजली विभाग के कई कार्यालय और सब स्टेशन जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। कहीं छत से पानी टपक रहा है तो कहीं भवनों की दीवारें और शौचालय क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।

कई भवनों में तो पेड़ तक उग गए है। विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं कराया गया है। कोकर प्रमंडल कार्यालय की स्थिति काफी दयनीय बताई जा रही है। यह कार्यालय बंगाल सरकार की संपत्ति पर संचालित हो रहा है।

यहां बिजली बिल सुधार और उपभोक्ता सेवाओं का कार्य होता है, लेकिन भवन जर्जर होने के साथ परिसर में गाय पालन तक किया जा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार भवन की मरम्मत नहीं होने से कार्य प्रभावित हो रहा है।

सैनिक मार्केट कार्यालय में हर बारिश बनती है मुसीबत

रांची सेंट्रल डिविजन का सैनिक मार्केट स्थित कार्यालय भी समस्याओं से जूझ रहा है। यह भवन किराये पर होने के कारण समय पर मरम्मत नहीं हो पा रही है। कर्मचारियों ने बताया कि बारिश के दौरान छत से पानी का लगातार रिसाव होता है और कई बार कार्यालय परिसर में जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे कंप्यूटर, दस्तावेज और अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंच चुका है।

एरिया बोर्ड और अन्य डिविजनों में भी बदहाल व्यवस्था

एरिया बोर्ड कार्यालय में शौचालय की छत जर्जर हो चुकी है और मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही है। वहीं कोकर, पूर्वी, पश्चिमी, डोरंडा और न्यू कैपिटल डिविजन कार्यालयों के साथ कई प्रमंडल कार्यालय और सब स्टेशनों की स्थिति भी खराब बताई जा रही है।

कई जगह खिड़कियां और दरवाजे टूट चुके हैं, जबकि कुछ कार्यालयों में कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त शौचालय तक उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि नियमित मरम्मत के कारण सर्किल कार्यालय की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बताई जा रही है।

अवैध कब्जा भी बड़ी समस्या

बिजली विभाग की परिसंपत्तियों पर अवैध कब्जा भी चिंता का विषय बना हुआ है। हरमू प्रमंडल कार्यालय परिसर में प्रतिदिन कई ठेला-खोमचा संचालक कब्जा जमाए रहते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि विभाग इन अतिक्रमणों को हटाने में अब तक सफल नहीं हो पाया है।

क्या कहते है अधिकारी और कर्मचारी संगठन?

रांची एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार ने कहा कि मुख्यालय से मरम्मत के लिए अब तक आवश्यक फंड उपलब्ध नहीं कराया गया है। सिविल विंग के महाप्रबंधक को भवनों की स्थिति की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा जाएगा। वहीं झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अयज राय ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है।

विभाग हर महीने करोड़ों रुपये का राजस्व संग्रह करता है, लेकिन कर्मचारियों को जर्जर भवनों में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने भवनों की तत्काल मरम्मत और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।