रांची में दो यूनिवर्सिटी, दोनों में वोकेशनल कोर्स के नियम अलग; डीएसपीएमयू में एनईपी, रांची विवि में ठगे जा रहे छात्र!
रांची विश्वविद्यालय और डीएसपीएमयू में वोकेशनल कोर्स के लिए नई शिक्षा नीति (एनईपी) के अलग-अलग नियम हैं। डीएसपीएमयू में एनईपी लागू होने से छात्रों को क्रेडिट सिस्टम और मल्टीपल एंट्री-एग्जिट का लाभ मिल रहा है, जबकि रांची विवि के छात्र पुराने सिस्टम से वंचित हैं।

डीएसपीएमयू में में वोकेशनल कोर्स में एनईपी लागू, रांची विवि में चार साल बाद भी नहीं।
HighLights
डीएसपीएमयू में वोकेशनल कोर्स में एनईपी लागू है।
रांची विवि के छात्र पुराने सिस्टम से वंचित हैं।
एनईपी से मल्टीपल एंट्री-एग्जिट, स्किल आधारित लाभ।
जागरण संवाददाता, रांची। एक ही शहर में दो विश्वविद्यालय हैं, लेकिन दोनों के नियम अलग-अलग हैं। रांची विश्वविद्यालय और डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में वोकेशनल कोर्स को लेकर यही हाल है।
डीएसपीएमयू में तीन साल से वोकेशनल कोर्स में नई शिक्षा नीति (एनईपी) लागू है, जबकि रांची विवि में चार साल बाद भी एनईपी का इंतजार हो रहा है। इसका सीधा नुकसान रांची विवि के विद्यार्थियों को उठाना पड़ रहा है। वे पुराने ही सिस्टम सीबीसीएस से पढ़ाई कर रहे हैं और एनईपी का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
डीएसपीएमयू में तीन साल से एनईपी
डीएसपीएमयू में वोकेशनल कोर्स में एनईपी लागू होने के बाद से विद्यार्थियों को क्रेडिट सिस्टम का फायदा मिल रहा है। उन्हें मल्टीपल एंट्री और एग्जिट की सुविधा है। यानी विद्यार्थी एक साल बाद सर्टिफिकेट, दो साल बाद डिप्लोमा और तीन साल बाद डिग्री लेकर कोर्स छोड़ सकते हैं और फिर कभी भी वापस आकर पढ़ाई पूरी कर सकते हैं।
इसके अलावा उन्हें स्किल बेस्ड विषय, इंटर्नशिप और दूसरे विषयों को चुनने की आजादी भी मिल रही है। इससे उनका कोर्स केवल किताबी नहीं, बल्कि रोजगार से जुड़ा हुआ बन गया है।
रांची विवि अभी कर रहा है इंतजार
वहीं रांची विवि में वोकेशनल कोर्स अभी भी पुराने सिस्टम से ही चल रहे हैं। यहां न तो क्रेडिट सिस्टम लागू है और न ही मल्टीपल एंट्री-एग्जिट की सुविधा। विद्यार्थी को तीन साल का कोर्स एक साथ ही पूरा करना पड़ता है। बीच में पढ़ाई छूट गई तो पूरी पढ़ाई बेकार हो जाती है।
वोकेशनल में एनईपी नहीं लागू होने से क्या है नुकसान
क्रेडिट सिस्टम का फायदा नहीं- विद्यार्थी को अपने मन से विषय चुनने और क्रेडिट जमा करने की सुविधा नहीं मिल रही है। मल्टीपल एंट्री-एग्जिट से वंचित- बीच में पढ़ाई छूटने पर कोई सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा, पूरी पढ़ाई शून्य हो जाएगी।
स्किल और इंटर्नशिप से दूरी-एनईपी में स्किल और इंटर्नशिप पर जोर है, पुराने सिस्टम में यह नहीं है। रोजगार में पिछड़ना- डीएसपीएमयू के विद्यार्थी स्किल के साथ बाहर निकल रहे हैं, जबकि रांची विवि के विद्यार्थी सिर्फ डिग्री लेकर निकल रहे हैं।
रांची विवि ने क्यों नहीं किया अभी तक एनईपी लागू, क्या कहते हैं एक्सपर्ट
वोकेशनल कोर्स में एनईपी लागू करने के लिए सिलेबस, क्रेडिट फ्रेमवर्क और परीक्षा नियमों में बदलाव की जरूरत है। विवि के एनइपी एक्सपर्ट डा. नीरज कुमार ने बताया कि डीएसपीएमयू एक छोटा यूनिट है, लेकिन रांची विवि का क्षेत्र काफी बड़ा है।
स्नातक स्तर पर एनइपी लागू करने के लिए पूरा फ्रेमवर्क तैयार करना होगा। हमारी तैयारी चल रही है और अगले सत्र से यूजी और पीजी के वोकेशनल कोर्स में एनइपी लागू कर दिया जाएगा। जिसके बाद स्नातक में विद्यार्थियों चार वर्षीय कोर्स में नामांकन लेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।