धनतेरस पर कार खरीदने से पहले देख लें ये लिस्ट, रांची में 5 से 11 लाख तक कौन सी गाड़ी है आपके बजट में
धनतेरस को लेकर रांची का ऑटोमोबाइल बाजार पूरी तरह तैयार है, जहां ग्राहकों में चारपहिया वाहनों की खरीदारी को लेकर ...और पढ़ें

धनतेरस पर रांची का ऑटोमोबाइल बाजार ग्राहकों के लिए पूरी तरह तैयार।
HighLights
धनतेरस पर रांची का ऑटोमोबाइल बाजार ग्राहकों के लिए पूरी तरह तैयार।
कुल कार बिक्री में छोटी गाड़ियों की हिस्सेदारी 60-70 प्रतिशत अनुमानित।
जागरण संवाददाता, रांची। धनतेरस को लेकर राजधानी रांची का ऑटोमोबाइल बाजार पूरी तरह सजकर तैयार है। इस बार चारपहिया वाहनों की खरीदारी को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजार में अलग-अलग बजट के ग्राहकों के लिए छोटी कारों से लेकर एसयूवी और लग्जरी गाड़ियों तक के कई विकल्प उपलब्ध हैं। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार वाहनों की बुकिंग करा रहे हैं।
ऑटोमोबाइल कारोबारियों को इस धनतेरस पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है। इस बार कारों के रंग को लेकर भी ग्राहकों की पसंद में बदलाव देखने को मिल रहा है। बाजार में ब्लैक रंग की गाड़ियों की सबसे अधिक मांग है। स्थिति यह है कि ब्लैक कलर की कारों की बुकिंग होने के बावजूद कई शोरूम समय पर डिलीवरी नहीं दे पा रहे हैं। इसके अलावा व्हाइट और ग्रे रंग की गाड़ियों को भी ग्राहक पसंद कर रहे हैं। वहीं ब्लू, रेड और खाकी रंग की कारों की भी मांग बनी हुई है।
छोटी कारों की बिक्री का रहेगा दबदबा
ऑटोमोबाइल सेक्टर के विशेषज्ञों के अनुसार, धनतेरस पर शहर में होने वाली कुल कार बिक्री में छोटी गाड़ियों की हिस्सेदारी लगभग 60 से 70 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं बड़ी और लग्जरी गाड़ियों की हिस्सेदारी 20 से 30 प्रतिशत तक रह सकती है।
मध्यमवर्गीय परिवारों में बजट के अनुरूप कार खरीदने का रुझान अधिक है। पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहक छोटी हैचबैक और माइक्रो एसयूवी को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं बड़े परिवारों और बेहतर फीचर्स की चाह रखने वाले ग्राहक एसयूवी और प्रीमियम कारों की ओर रुख कर रहे हैं।

मारुति, टाटा और हुंडई की गाड़ियों की अधिक बुकिंग
इस धनतेरस पर बाजार में मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और हुंडई की चारपहिया गाड़ियों की सबसे अधिक बुकिंग हुई है। इन कंपनियों के पास अलग-अलग कीमतों में कई मॉडल उपलब्ध हैं। पांच लाख रुपये से लेकर 11 लाख रुपये तक के बजट में ग्राहक अपनी पसंद के अनुसार कार चुन सकते हैं।

पांच लाख रुपये तक के बजट में ये विकल्प
कम बजट में कार खरीदने वालों के लिए मारुति सुजुकी की ऑल्टो के-10 का बेस मॉडल लगभग 4.28 लाख रुपये और सीएनजी बेस मॉडल लगभग 4.84 लाख रुपये में उपलब्ध है। इसके अलावा एस-प्रेसो की शुरुआती कीमत लगभग 4.40 लाख रुपये है। कम बजट में पहली कार खरीदने वालों के लिए ये विकल्प हैं।
छह लाख रुपये तक की कारें
छह लाख रुपये तक के बजट में टाटा टियागो स्मार्ट की कीमत लगभग 5.49 लाख रुपये, रेनो क्विड की 5.18 लाख रुपये, मारुति सुजुकी सेलेरियो की 5.37 लाख रुपये और वैगनआर की शुरुआती कीमत लगभग 5.70 लाख रुपये है। इस श्रेणी में ग्राहक हैचबैक कारों के कई विकल्प चुन सकते हैं।

सात लाख रुपये तक में हैचबैक से एसयूवी तक
सात लाख रुपये तक के बजट में विकल्पों की संख्या बढ़ जाती है। निसान मैग्नाइट की शुरुआती कीमत लगभग 6.25 लाख रुपये, टाटा पंच की लगभग 6.61 लाख रुपये, हुंडई एक्सटर की लगभग 6.67 लाख रुपये, मारुति बलेनो की 6.62 लाख रुपये और स्विफ्ट की लगभग 6.71 लाख रुपये है।
इसके अलावा हुंडई आई-20 और टाटा अल्ट्रोज के शुरुआती मॉडल भी लगभग 6.89 लाख रुपये की कीमत में उपलब्ध हैं। रेनो काइगर और हुंडई ग्रैंड आई-10 नियोस भी इस बजट के ग्राहकों के लिए विकल्प हैं।

आठ से नौ लाख रुपये तक एसयूवी और सेडान की पसंद
आठ लाख रुपये तक के बजट में मारुति सुजुकी डिजायर की शुरुआती कीमत लगभग 7.20 लाख रुपये है। वहीं नौ लाख रुपये तक के बजट में होंडा अमेज लगभग 8.70 लाख रुपये, मारुति फ्रोंक्स लगभग आठ लाख रुपये और ब्रेजा लगभग 8.70 लाख रुपये में उपलब्ध है। निसान मैग्नाइट के ऊंचे वेरिएंट भी इस श्रेणी में आते हैं।
दस से 11 लाख रुपये तक भी कई विकल्प
दस लाख रुपये तक के बजट में टाटा नेक्सन, किया सोनेट, महिंद्रा एक्सयूवी 3 एक्सओ, हुंडई वेन्यू और हुंडई एक्सटर के अलग-अलग वेरिएंट उपलब्ध हैं। वहीं 11 लाख रुपये तक के बजट में एमजी एस्टर, मारुति अर्टिगा, महिंद्रा बोलेरो नियो और स्कोडा स्लाविया जैसी गाड़ियों के शुरुआती वेरिएंट भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।

इस तरह धनतेरस पर रांची के आटोमोबाइल बाजार में पांच लाख से लेकर 11 लाख रुपये तक के बजट में ग्राहकों के पास कारों के कई विकल्प मौजूद हैं। वहीं 11 लाख से लेकर करोड़ों रुपये की कार बाजार मे धनतेरस पर बिक रही है। हालांकि, मॉडल, वेरिएंट और शोरूम के अनुसार कीमतों में अंतर हो सकता है। ग्राहकों को खरीदारी से पहले संबंधित शोरूम से कीमत और डिलीवरी की जानकारी लेने की सलाह दी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।