विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मेरा कोई है का...?' सवाल सुनते ही रुके रांची DC मंजूनाथ भजन्त्री, जवाब ने जीत लिया बुजुर्गों का दिल

By Anuj TiwariEdited By: Shashank Baranwal
Published: Sat, 01 Aug 2026 09:51 AM (IST)

रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने नगड़ी स्थित वृद्धाश्रम का दौरा किया, जहां एक बुजुर्ग के भावुक सवाल पर उन्होंने आत्मीय जवाब देकर सबका दिल जीत लिया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. उपायुक्त ने बुजुर्गों के सवाल पर दिया भावुक जवाब।

  2. वृद्धाश्रम में मिठाइयां बांटी, डूरंड कप दिखाने की व्यवस्था।

  3. स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता सहित सुविधाओं में सुधार के निर्देश।

जागरण संवाददाता, रांची। 'मेरा कोई है का...?' नगड़ी स्थित वृद्धाश्रम में एक बुजुर्ग के इस सवाल ने कुछ पल के लिए माहौल को भावुक कर दिया। सामने खड़े थे रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री।

उन्होंने बिना देर किए बुजुर्ग का हाथ थामा और मुस्कुराते हुए कहा, "हम सब लोग आपके ही हैं।" बस, यही कुछ शब्द वहां मौजूद हर व्यक्ति के चेहरे पर भावनाओं की एक अलग ही तस्वीर छोड़ गए।

नियमित निरीक्षण के दौरान उपायुक्त वृद्धाश्रम पहुंचे। जो बुजुर्ग स्वास्थ्य कारणों से नीचे नहीं आ सके, उनसे मिलने वे खुद उनके कमरों तक पहुंचे। एक बुजुर्ग ने उन्हें अपने पास बैठने का आग्रह किया तो उपायुक्त बिना किसी औपचारिकता के उनके बगल में बैठ गए और काफी देर तक उनका हालचाल जाना।

Ranchi News

निरीक्षण के दौरान एक वृद्धा ने भजन सुनाया। उपायुक्त, प्रोबेशनर आईएएस आस्था शरण और अन्य अधिकारी भी तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाते रहे। पूरे वृद्धाश्रम का माहौल भक्ति और आत्मीयता से भर गया।

इसी बीच एक बुजुर्ग ने अपनी इच्छा जताई कि वह डूरंड कप फुटबॉल मैच देखना चाहते हैं। उपायुक्त ने तुरंत अधिकारियों को इच्छुक बुजुर्गों के लिए मैच दिखाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

पिछली मुलाकात में बुजुर्गों की पसंद याद रखते हुए इस बार उपायुक्त अपने साथ मिठाइयां भी लेकर पहुंचे। उन्होंने स्वयं सभी बुजुर्गों को मिठाई खिलाई और उनसे बातचीत की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वृद्धाश्रम में नियमित स्वास्थ्य जांच, पौष्टिक भोजन, स्वच्छता, जलजमाव की स्थायी समस्या के समाधान, पेयजल, बिजली और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण कर वहां महिलाओं के लिए बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें- घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए E-KYC अनिवार्य: रांची में आज लगेगा शिविर, 16 अगस्त तक नहीं कराई तो बंद होगी सब्सिडी

यह भी पढ़ें- झारखंड में पहली बार प्रीनेटल जेनेटिक जांच शुरू, गर्भ में ही पता चलेगा आनुवांशिक बीमारी का पता