विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में अपराधियों का तांडव! कोयला कारोबारी के दरवाजे पर दागीं आधा दर्जन गोलियां; राहुल दुबे गैंग का पर्चा मिला

By Manoranjan SinghEdited By: Mansi Kumari
Published: Fri, 30 Oct 2026 01:11 PM (IST)

रांची के प्रेम नगर में कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाई। घटनास्थल ...और पढ़ें

कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास पर फायरिंग। जागरण

कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास पर फायरिंग। जागरण

HighLights

  1. रांची के प्रेम नगर में सुबह करीब चार बजे हुई ताबड़तोड़ फायरिंग।

  2. कोयला कारोबारी संजय करमाली के घर के मुख्य दरवाजे पर चलीं गोलियां।

  3. घटनास्थल पर मिला राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की अहले सुबह कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में अपराधियों ने कोयला कारोबारी संजय करमाली के आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी।

हमलावरों ने घर के मुख्य दरवाजे के ऊपर आधा दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। सुबह करीब चार बजे गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोग सहम गए। जब तक घर के लोग और स्थानीय लोग बाहर निकलते, अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।

राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा छोड़ा

वारदात के बाद अपराधी घटनास्थल पर एक पर्चा छोड़ गए हैं। इसमें कुख्यात राहुल दुबे गैंग का नाम सामने आने की जानकारी मिली है। पुलिस पर्चे की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग में कौन-कौन अपराधी शामिल थे और वारदात को अंजाम देने के पीछे उनका मकसद क्या था।

उरीमारी साइडिंग पर भी हो चुकी है फायरिंग

जानकारी के अनुसार, संजय करमाली हजारीबाग जिले के उरीमारी में कोयला साइडिंग का कारोबार करते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उन्हें राहुल दुबे गैंग की ओर से धमकी मिली थी। इससे पहले उरीमारी स्थित उनकी कोयला साइडिंग पर भी फायरिंग की घटना हुई थी।

इस संबंध में कारोबारी ने उरीमारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अब रांची स्थित उनके आवास पर हुई गोलीबारी को पुरानी धमकी और साइडिंग पर हुई फायरिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, छापामारी जारी

घटना की सूचना मिलते ही कांके थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता चल सके।

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। घटना के बाद प्रेम नगर के लोगों में भय का माहौल है। 

यह भी पढ़ें- हजारीबाग में होटल पर अपराधियों ने की अंधाधुंध फायरिंग, शीशा टूटा; गार्ड बाल-बाल बचा