हजारीबाग में होटल पर अपराधियों ने की अंधाधुंध फायरिंग, शीशा टूटा; गार्ड बाल-बाल बचा
हजारीबाग के मटवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल में गुरुवार रात अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी की, जिससे होटल का मुख्य शीशे का दरवाजा टूट गया।

होटल पर अपराधियों ने की अंधाधुंध फायरिंग (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
हजारीबाग के होटल एके इंटरनेशनल में अज्ञात अपराधियों की गोलीबारी।
गोली लगने से होटल का मुख्य शीशे का दरवाजा टूटा।
सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बचा, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। शहर के मटवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल में गुरुवार की रात अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी कर दहशत फैला दी। रात करीब 10:10 बजे तीन-चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने होटल के मुख्य प्रवेश द्वार को निशाना बनाकर फायरिंग की।
गोली लगने से होटल का शीशे का मुख्य दरवाजा टूट गया। घटना के दौरान होटल का सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अपराधी अचानक होटल के बाहर पहुंचे और गोलीबारी करने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद होटल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अपराधियों ने किस मकसद से होटल को निशाना बनाया, इसका पता नहीं चल सका है।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। एडिशनल एसपी अमित कुमार, सदर एसडीपीओ रूपक कुमार और कोर्रा थाना प्रभारी समेत विभिन्न थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की छानबीन शुरू की।
पुलिस होटल और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के पीछे की वजह और अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
