रांची में नाबालिगों से दुष्कर्म के मामलों ने बढ़ाई चिंता, क्यों अब 'अंजानों से दूर रहो' की सीख पड़ रही है अधूरी?
रांची में नाबालिगों से दुष्कर्म के मामलों में रिश्तेदार, पड़ोसी और परिचितों की संलिप्तता सामने आई है, जिससे बच्चियां घर-मोहल्ले में भी असुरक्षित महसूस कर रही हैं। आरोपी भरोसे का फायदा उठाकर बच्चियों को शिकार बना रहे हैं, जिससे सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

घर-मोहल्ले में ही असुरक्षित हो रहीं बच्चियां, भरोसे की आड़ में अपराध को दे रहे अंजाम।
HighLights
रिश्तेदार, पड़ोसी, परिचित ही नाबालिगों से दुष्कर्म के आरोपी।
भरोसे का फायदा उठाकर बच्चियों को बना रहे शिकार।
माता-पिता को बच्चों के व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए।
प्रिंस श्रीवास्तव, रांची। बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए परिवार अक्सर उन्हें अंजान लोगों से दूर रहने की सीख देता है। लेकिन जब खतरा किसी अंजान चेहरे से नहीं, बल्कि घर के आसपास रहने वाले पड़ोसी, रिश्तेदार या परिवार के परिचित से हो तो सुरक्षा की यह समझ अधूरी पड़ जाती है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सामने आए नाबालिगों से दुष्कर्म के मामले इसी चिंता को गहरा कर रहे हैं।
इन घटनाओं में आरोपितों ने बच्चियों और उनके परिवारों के भरोसे, जान-पहचान और नजदीकी का फायदा उठाया। कहीं रिश्ते की आड़ में बच्ची को निशाना बनाया गया तो कहीं स्कूल पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने वाला परिचित ही अपराध का आरोपित बन गया।
कई मामलों में धमकी और सामाजिक बदनामी के डर से पीड़िताएं और उनके परिवार लंबे समय तक चुप रहे। ऐसे में सवाल सिर्फ अपराधियों की गिरफ्तारी का नहीं, बल्कि घर, पड़ोस और परिचितों के बीच बच्चियों की सुरक्षा का भी है।
केस स्टडी
पड़ोस में रहने वाले चाचा पर 14 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप
इस माह मांडर में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया। इस मामले में पड़ोस में रहने वाले उसके चाचा भूषण लकड़ा पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगा। जिस व्यक्ति को परिवार और बच्ची अपना परिचित मानते थे उसी ने ऐसी घटना को अंजाम दे दिया। इस मामले में आरोपित को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
भतीजी को अकेला पाकर चाचा ने किया दुष्कर्म, माता-पिता की हत्या की दी धमकी
इस माह में तुपुदाना ओपी क्षेत्र के एक गांव में 58 वर्षीय महाबीर पर अपनी 16 वर्षीय भतीजी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा। आरोप है कि दीपावली के दौरान घर में अकेली पाकर उसने किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद घटना की जानकारी किसी को देने पर उसके माता,पिता की हत्या कर शव जंगल में फेंक देने की धमकी दी। इसी भय के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही। पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा है।
स्कूल छोड़ने वाला ही निकला दुष्कर्म का आरोपित
इस माह में जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया। आरोपित जीतन मांझी बच्ची को रोज स्कूल छोड़ने जाया करता था। इसी वजह से बच्ची और उसके परिवार का उस पर भरोसा था।
आरोप है कि वह बच्ची को स्कूल छोड़ने के बहाने हटिया स्थित किराये के मकान में ले गया। वहां खाने का सामान देकर उसे बहलाया फुसलाया और करीब चार घंटे तक अपने पास रखा। घटना को अंजाम देने के बाद दोपहर दो बजे स्कूल की छुट्टी के समय वह बच्ची को घर छोड़ गया।
दुष्कर्म के मामले : पांच वर्षों के आंकड़े
वर्ष दर्ज मामले
2022 190
2023 232
2024 202
2025 179
मई 2026 तक 85
इन बातों का रखें ध्यान
1 बच्चों की सुरक्षा केवल घर की चारदीवारी या अंजान लोगों से दूरी बनाने तक सीमित नहीं हो
2 परिवारों को बच्चों के व्यवहार, उनकी असहजता और अचानक आए बदलावों पर ध्यान देना चाहिए
3 बच्चा किसी परिचित के साथ जाने से मना करे या उसके व्यवहार से डरता दिखाई दे तो उसकी बात को गंभीरता से लें
4 घर के बाहर खेलने के दौरान बच्चों पर ध्यान रखें
5 स्कूल ले जाने वाले वाहन चालकों का पुलिस से सत्यापन कराएं

एक्सपर्ट व्यू
माता-पिता बच्चों की देखभाल के लिए अक्सर रिश्तेदारों, पड़ोसियों और परिचितों पर आसानी से भरोसा कर लेते हैं। लेकिन दुष्कर्म के कई मामलों में करीबियों की संलिप्तता सामने आ रही है। ऐसे में बच्चों को किसी के भरोसे अकेला छोड़ने से पहले सतर्कता बरतना जरूरी है। माता-पिता का व्यवहार बच्चों के प्रति सहज और दोस्ताना होना चाहिए, ताकि किसी गलत घटना के बाद बच्चा बिना डरे खुलकर अपनी बात बता सके। बच्चों से नियमित बातचीत करें और उनकी परेशानियों को गंभीरता से सुनें।
-डॉ भावना, मनोचिकित्सक, सीआईपी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।