Jharkhand: रांची में बीएमडब्ल्यू कार से ढोया जा रहा कचरा, हैरान कर देगी वजह VIDEO
Jharkhand Latest News रांची के प्रिंस श्रीवास्तव ने डेढ़ साल पहले 90 लाख रुपये में बीएमडब्ल्यू कार खरीदी थी। उन्होंने यह कार अपने पिता को गिफ्ट में दी थी। यह कार उन्होंने महज डेढ़ साल पहले ली थी।
रांची, जासं। बीएमडब्ल्यू लग्जरी कार को शान की सवारी समझा जाता है। लेकिन रांची में एक शख्स अपनी 90 लाख की बीएमडब्ल्यू कार से कचरा ढोने का काम कर रहा है। इसकी वजह भी बड़ी हैरत करने वाली है। ऐसा करके वे विरोध तो जता ही रहे हैं, साथ ही स्वच्छता अभियान में अपनी भूमिका भी कर रहे हैं। बड़ी बात तो यह है कि रांची में कई अन्य बीएमडब्ल्यू कार के मालिक भी ऐसा करने की सोच रहे हैं।
दरअसल रांची के प्रिंस श्रीवास्तव ने कंपनी की सर्विस से परेशान होकर यह कदम उठाया है। प्रिंस बताते हैं कि कार खरीदने के 10वें दिन ही टायर ब्लास्ट हो गया। 20वें दिन दूसरा टायर ब्लास्ट हो गया। कंपनी के डीलर ने इसे रिप्लेस करने की जगह स्टेपनी इस्तेमाल करने के लिए कहा। इसकी वजह से गाड़ी का एक्सल बेंड हो गया। इसे ठीक कराने के लिए उन्हें इंश्योरेंस के पैसे खर्च करने पड़े। इसके अलावा कार में कई अन्य गड़बड़ियां हुईं। प्रिंस कार की सर्विस से इतने तंग हो गए कि अब वे इससे कूड़ा ढो रहे हैं। कार से कूड़ा उठाने का वीडियो उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर भी डाला है।
प्रिंस श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने डेढ़ साल पहले 90 लाख रुपये में बीएमडब्ल्यू कार खरीदी थी। उन्होंने यह कार अपने पिता को गिफ्ट में दी थी। यह कर उन्होंने महज डेढ़ साल पहले ली थी। जब उन्होंने कार खरीदी थी, तो डीलरशिप ने सर्विस देने का भरोसा दिलाया था। मगर ऐसा हुआ नहीं। अब वे अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए कार से कचरा ढो रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर के अन्य बीएमडब्ल्यू कार मालिक भी विरोध स्वरूप ऐसा करने की सोच रहे हैं।
रांची में यह शख्स अपनी BMW कार से कचरा ढो रहा है। इसकी वजह बड़ी ही हैरान करने वाली है।#RanchiNews#Jharkhand pic.twitter.com/05atR4g0lK— Sujeet Kumar Suman (@sujeet_hzb) November 24, 2020